चंद्रशेखर रावण को कुछ हुआ तो लोकतंत्र के लिए अच्छा नहीं होगा: जिग्नेश मेवाणी
नई दिल्ली। गुजरात के विधायक जिग्नेश मेवाणी ने भीम आर्मी के चंद्रशेखर उर्फ रावण को जेल में नुकसान पहुंचाए जाने का अंदेशा जताया है। गुजरात से विधायक जिग्नेश मेवाणी ने कहा है कि अगर चंद्रशेखर को कुछ भी हुआ तो ये भारतीय लोकतंत्र के लिए अच्छा नहीं होगा। जिग्नेश मेवाणी ने ट्वीट कर भाजपा सरकार को निशाने पर लिया है। चंद्रशेखर पर राज्य सरकार के रासुका लगाए जाने के बाद से जिग्नेश लगातार भाजपा पर हमलावर हैं, वो चंद्रशेखर की रिहाई की मांग को लेकर दिल्ली में बड़ी रैली भी कर चुके हैं।

भाजपा चंद्रशेखर से डरती है: मेवाणी
जिग्नेश ने ट्वीट किया है, 'भीम आर्मी के चंद्रशेखर रावण 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा की राह में रोड़ा बने हुए हैं, जिसकी वजह से उन्हें लगातार निशाने पर लिया गया है। हम उनकी रिहाई के लिए लिए संघर्ष जारी रखेंगे। एक और ट्वीट में जिग्नेश ने कहा, 'अगर चंद्रशेखर रावण के साथ कुछ भी होता है तो यह भारतीय लोकतंत्र के लिए सही नहीं होगा। हमें अपना हौसला बिखरने नहीं देना है।'

चंद्रशेखर की रिहाई के लिए कर चुके दिल्ली में रैली
गुजरात के वडगाम से विधायक और दलित नेता जिग्नेश मेवाणी 9 जनवरी को दिल्ली की पार्लियामेंट स्ट्रीट पर हुंकार रैली कर चुके थे। इस रैली में भी चंद्रशेखर की रिहाई की मांग की गई थी। भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर पर सहारनपुर में हुई हिंसा फैलाने के आरोप है। जिसमें उन्हें गिरफ्तार किया गया था। इन मामलों मे उनको जमानत मिल गई थी। जमानत के बाद सहारनपुर प्रशासन ने उन्हें रासुका में निरुद्ध कर दिया था और जेल से बाहर नहीं निकलने दिया था। चंद्रशेखर की रिहाई के लिए सहारनपुर में भी कई आंदोलन हो चुके हैं।

भाजपा पर दलित उत्पीड़न के आरोप लगाते रहे हैं जिग्नेश
जिग्नेश मेवाणी भाजपा पर लगातार दलित उत्पीड़न का आरोप लगाते रहे हैं। हाल ही में महाराष्ट्र के भीमा कोरेगांव हिंसा के बाद भी पीएम मोदी पर निशाना साधा था। मेवाणी ने कहा था कि सरकार का रुख ठीक नहीं है। जिस तरह से दलितों को टारगेट किया जा रहा है उससे मामला बिगड़ सकता है। जिग्नेश ने पीएम मोदी से सीधे कहा था कि गुजरात और महाराष्ट में दलितों टारगेट किया जाना नहीं रुका तो 2019 में आपको मजा चखाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications