झारखंड के मुख्यमंत्री ने महिलाओं से धुलवाए अपने पैर, वीडियो हुआ वायरल
रायपुर। गुरु पूर्णिमा के मौके पर झारखंड से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद झारखंड के मुख्यमंत्री रघुबर दास एक नए विवाद में पड़ सकते हैं। दरअसल, इस वीडियो में झारखंड के मुख्यमंत्री रघुबर दास कुछ महिलाओं से अपने पैर धुलवाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
गुरु पूर्णिमा से संबंधित एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। यह कार्यक्रम 7 जुलाई को आयोजित हुआ बताया जा रहा है। यह कार्यक्रम जमशेदपुर के ब्रह्म लोक धाम में 'गुरु महोत्सव' के नाम से आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में रघुबर दास पर फूल-मालाएं बरसाई गईं। रघुबर दास का ये वीडियो विपक्ष के लिए बड़ा हथियार साबित हो सकता है।
ये भी पढ़ें- उत्तराखंड: केदारनाथ की आपत्तिजनक फोटो fb पर डाले जाने के बाद भड़का सांप्रदायिक तनाव
इस वीडियो में दिखाई दे रहा है कि रघुबर दास एक बड़ी सी थाली में पैर रखे हुए हैं। इस थाली में गुलाब के फूल की पंखुड़ियां भी हैं और महिलाएं उनके पैर धो रही हैं। इतना ही नहीं, जब उनके पैर धुल गए तो उन्हें सुखाने के लिए कार्यकर्ताओं ने उन्हें पकड़ कर उठाया और फिर उनके पैरों को सुखाया गया। अभी तक इस वीडियो को लेकर रघुबर सरकार की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है।