Jharkhand Assembly elections 2019: हेमंत सोरेन ने दोनों ही सीटों पर दर्ज की जीत
नई दिल्ली। झारखंड विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और जेएमएम की जबरदस्त जीत बाद हेमंत सोरेन के प्रदेश में मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है। चुनाव में हेमंत सोरेन ने दोनों ही सीटों पर जबरदस्त जीत दर्ज की है। हेमंत सोरेन ने दुमका और बरहेट की सीट पर जीत दर्ज की है। दुमका से हेमंत सोरेन ने भाजपा की उम्मीदवार लुइस मरांडी को 13188 वोटों से हराया जबकि बरहेट से हेमंत सोरेन ने भाजपा के सिमोन माल्टों को 25740 वोटों से हराया है। वहीं चुनाव में जबरदस्त जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हेमंत सोरेन को बधाई दी है।
मोदी ने ट्वीट किया, हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाले जेएमएम गठबंधन तो जीत के लिए बधाई। राज्य की सेवा के लिए उन्हें शुभकामनाएं। मोदी ने एक और ट्वीट में कहा, मैं झारखंड की जनता को भी धन्यवाद देता हूं। राज्य ने कई सालों तक भाजपा को राज्य की सेवा करने का अवसर दिया। भाजपा के कार्यकर्ताओं और उनके प्रयासों की भी सराहना करता हूं। हम आने वाले समय में राज्य के लोगों के मुद्दों को उठाते रहेंगे। 2014 में झारखंड में भाजपा ने आजसू के समर्थन से सरकार बनाई थी।
इस चुनाव में झामुमो, कांग्रेस और आरजेडी ने गठबंधन कर चुनाव लड़ा था। 81 सीटों पर बहुमत के लिए 41 सीटों की जरूरत है। गठबंधन को 46 सीटें मिली हैं। चुनाव में झामुमो को 25, कांग्रेस को 13 और राजद को 1 सीट पर निर्णायक बढ़त है। ऐसे में गठबंधन ने बहुमत का आंकड़ा छू लिया है। वहीं भाजपा को 25 सीटें मिली हैं। बता दें कि झारखंड विधानसभा चुनाव 30 नवंबर को शुरू हुआ था। दूसरे चरण में 20 सीटों पर 7 दिसंबर को, तीसरे चरण में 17 सीटों पर 12 दिसंबर, चौथे चरण में 15 सीटों पर 16 दिसंबर को और आखिरी चरण में 20 दिसंबर को 16 सीटों पर वोट डाले गए हैं। आज नतीजों का ऐलान हो रहा है।