'2020 के बाद नीतीश छोड़े देंगे सीएम की कुर्सी', उपेंद्र कुशवाहा को JDU ने दिया जवाब
जेडीयू ने आरएलएसपी प्रमुख और केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा के उस बयान पर पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि नीतीश कुमार ने उन्हें बताया था कि 2020 के विधानसभा चुनावों के बाद वो मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ देंगे।
नई दिल्ली। 2019 के लोकसभा चुनाव से ठीक पहले बिहार एनडीए में सीटों के बंटवारे को लेकर मचे घमासान के बीच अब जेडीयू और आरएलएसपी में जुबानी जंग छिड़ गई है। जेडीयू ने आरएलएसपी प्रमुख और केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा के उस बयान पर पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि नीतीश कुमार ने उन्हें गुप्त तौर पर बताया था कि 2020 के विधानसभा चुनावों के बाद वो मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ देंगे। जेडीयू ने उपेंद्र कुशवाहा के इस दावे को खारिज करते हुए कहा है कि नीतीश कुमार सीएम के पद पर बने रहेंगे, क्योंकि बिहार को अभी भी उनकी जरूरत है।

'कोई रसगुल्ला नहीं है मुख्यमंत्री की कुर्सी'
उपेंद्र कुशवाहा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए जेडीयू के प्रवक्ता अजय आलोक ने कहा, 'नीतीश कुमार जनता की पसंद पर बिहार के मुख्यमंत्री चुने गए थे और राज्य को एक लंबे समय तक के लिए उनकी सेवाओं की जरूरत है। मुख्यमंत्री की कुर्सी कोई रसगुल्ला नहीं है। नीतीश कुमार को लोगों के जनादेश के आधार पर चुना गया था और वह सफलतापूर्वक इस जिम्मेदारी को निभाते रहेंगे क्योंकि नीतीश लोगों की उम्मीदों को पूरा करने में लगे हुए हैं। बिहार को उनकी जरूरत है इसलिए वो 2020 के बाद भी मुख्यमंत्री बने रहेंगे।'

उपेंद्र कुशवाहा ने नीतीश को लेकर क्या कहा था?
आपको बता दें कि बुधवार को सरदार वल्लभ भाई पटले की जयंती के मौके पर पटना में आयोजित एक कार्यक्रम में उपेंद्र कुशवाहा ने दावा किया था कि नीतीश कुमार ने उनसे कहा था कि 2020 के विधानसभा चुनावों के बाद वो सीएम पद पर बने रहना नहीं चाहते। हालांकि उन्होंने साफ किया कि वे नीतीश कुमार के इस्तीफे की मांग नहीं कर रहे हैं और ना ही मुख्यमंत्री पद को लेकर कोई राजनीति कर रहे हैं। उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी आरएलएसपी केंद्र की एनडीए सरकार में शामिल है। उपेंद्र कुशवाहा अक्सर कानून व्यवस्था और शिक्षा के मुद्दे को लेकर नीतीश सरकार पर निशाना साधते रहे हैं। राज्य में शिक्षा की स्थिति को लेकर उन्होंने हाल ही में सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी किया था।

मध्य प्रदेश में कुशवाहा ने दिया भाजपा को झटका
गौरतलब है कि बिहार में सीटों के बंटवारे को लेकर उपेंद्र कुशवाहा ने हाल ही में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात की थी। मुलाकात के बाद उपेंद्र कुशवाहा ने बताया, 'हमने भारतीय जनता पार्टी को इस बात से अवगत करा दिया है कि हमारी पार्टी और समर्थक 2019 के लोकसभा चुनाव में सीटों के बंटवारे पर क्या चाहते हैं। उन्होंने कहा है कि वो इसे लेकर अपनी पार्टी में चर्चा करेंगे। अमित शाह के साथ हमारी बातचीत सकारात्मक रही है लेकिन अभी कुछ भी फाइनल नहीं हुआ है। इसके अलाव मध्य प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए हम 66 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान भी कर रहे हैं।'












Click it and Unblock the Notifications