'पुलिस की मदद से सर्कुलेट किए गए पेन ड्राइव', कर्नाटक अश्लील वीडियो केस पर कुमारस्वामी का बड़ा दावा
Karnataka Obscene Tape Row: कर्नाटक में लोकसभा चुनाव के बीच अश्लील वीडियो मामले में फंसी जनता दल (सेक्युलर) ने बड़ा दावा किया है। पूर्व पीएम एचडी देवगौड़ा के पोते प्रज्वल रेवन्ना की सेक्स टेप मामले में जांच जारी है। इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री और जेडीएस नेता एचडी कुमारस्वामी ने अपने भतीजे और हासन के सांसद प्रज्वल रेवन्ना सेक्स टेप विवाद में बड़ा दावा किया है।
एचडी कुमारस्वामी ने दावा किया कि उनके भतीजे प्रज्वल रेवन्ना के अश्लील वीडियो वाली एक पेन ड्राइव कथित तौर पर पुलिस अधिकारियों की मदद से सर्कुलेट की गई थी।इसी के साथ उन्होंने डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार पर भी गंभीर आरोप लगाए।

पूर्व सीएम कुमारस्वामी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाते हुए कहा, "आज मैं यहां एक ऐसी घटना के बारे में बात करने आया हूं, जो समाज में नहीं होनी चाहिए थी। 21 अप्रैल को पूरे राज्य में एक पेन ड्राइव प्रसारित की गई। यह पुलिस अधिकारियों की मदद से किया गया। वीडियो जानबूझकर बेंगलुरु ग्रामीण, मांड्या और यहां तक कि हासन में भी सर्कुलेट किए गए थे।"
कुमारस्वामी ने आगे बताया कि प्रज्वल रेवन्ना के चुनाव एजेंट पूर्णचंद्र ने 22 अप्रैल को हासन डीसी और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। 21 अप्रैल की रात 8 बजे, एक व्यक्ति ने प्रज्वल रेवन्ना के वीडियो अपलोड किए। इसाी के साथ पूर्व सीएम ने कहा कि मैं किसी का बचाव नहीं कर रहा और दोषी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। फिर चाहे वो कोई भी हो।'
उन्होंने कहा कि वीडियो के प्रसार को लेकर चार व्यक्तियों के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई थी। शिकायत दर्ज हुए 15 दिन हो गए हैं। अब तक वीडियो के प्रसार के लिए उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
सिद्धारमैया और शिवकुमार को घेरा
कुमारस्वामी ने कहा कि, "जब एसआईटी का गठन किया गया था तो मैंने सोचा था कि जांच निष्पक्ष होगी लेकिन ऐसा नहीं है, यह एसआईटी सिद्धारमैया और शिवकुमार जांच टीम है। वे एसआईटी को अपने घर बुलाते हैं और मामले पर चर्चा करते हैं।"












Click it and Unblock the Notifications