'Jantar Mantar पर कोई गोली नहीं चली, Rahul Gandhi भ्रम फैला रहे', विपक्ष पर भड़के JP Nadda
Jantar Mantar Student Protest: कॉकरोच जनता पार्टी के नेतृत्व में दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के 'संसद चलो' मार्च के दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी लगातार विरोध जता रहे हैं। राहुल गांधी 20 जुलाई से लगातार दावा कर रहे हैं कि पुलिस बल प्रयोग में छात्रों पर 'पैलेट गन' का इस्तेमाल किया गया। इसी मुद्दे को 10 अगस्त को भी राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए फिर गरम किया। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से कथित पैलेट गन के इस्तेमाल के आदेश को लेकर जवाब मांगा।
वहीं, कुछ देर बाद, केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता जेपी नड्डा ने राहुल गांधी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि जंतर-मंतर पर न तो गोली चली और न ही गोली चलाने का कोई आदेश दिया गया। नड्डा ने राहुल गांधी पर सदन की कार्यवाही बाधित करने और लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों से जुड़े मुद्दों समेत हर विषय पर संसद में चर्चा के लिए तैयार है और गृह मंत्री अमित शाह भी जवाब देने को तैयार हैं।

यह विवाद ऐसे समय में बढ़ा है, जब दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन को लेकर विपक्ष लगातार लोकसभा के मॉनसून सत्र में सरकार पर निशाना साध रहा है। राहुल गांधी ने सोमवार को कहा कि उनकी मांग किसी सामान्य मुद्दे पर गृह मंत्री का भाषण सुनने की नहीं, बल्कि यह जानने की है कि प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई में कथित पेलेट गन के इस्तेमाल की अनुमति किसने दी थी। आइए विस्तार से जानते हैं कि कैसे भड़क रही है सियासी आग?
Jantar Mantar Pellet Gun Row:'राहुल गांधी भ्रम फैला रहे हैं'
जेपी नड्डा ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के नेता को संसद में चर्चा से भागना नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है और विपक्ष को सदन को चलने देना चाहिए। नड्डा ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस का रवैया लगातार नकारात्मक राजनीति और अराजकता को बढ़ावा देने वाला है। उनके मुताबिक, विपक्ष का काम सवाल उठाना है, लेकिन इसके लिए संसद की कार्यवाही को लगातार बाधित करना उचित नहीं है।
नड्डा ने खास तौर पर जंतर-मंतर की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि राहुल गांधी लोगों और देश को यह कहकर गुमराह कर रहे हैं कि वहां गोली चलाई गई, जबकि ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर न तो गोली चलाई गई और न ही गोली चलाने का कोई आदेश दिया गया। नड्डा ने राहुल गांधी से अपील की कि वह गलत जानकारी फैलाने के बजाय संसद में आकर चर्चा करें।
राहुल गांधी की मांग क्या है?
जेपी नड्डा के पहले, राहुल गांधी ने सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से दिल्ली में हुए प्रदर्शन में शामिल छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई पर स्पष्ट जवाब मांगा। उन्होंने सरकार की ओर से छात्रों के मुद्दे पर चर्चा की पेशकश को 'काल्पनिक बातचीत' करार दिया। राहुल गांधी का कहना है कि विपक्ष की मांग यह नहीं है कि अमित शाह संसद में किसी सामान्य विषय पर भाषण दें। उनकी मांग है कि गृह मंत्री यह स्पष्ट करें कि प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई में कथित पेलेट गन के इस्तेमाल की अनुमति किसने दी।
राहुल गांधी ने कहा कि अगर गृह मंत्री ने कार्रवाई का आदेश दिया था तो उन्हें इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए और अगर उन्होंने आदेश नहीं दिया था तो गृह मंत्रालय में किसने ऐसा किया, यह सामने आना चाहिए। राहुल गांधी ने इसी आधार पर अमित शाह के इस्तीफे की मांग भी उठाई। उन्होंने सरकार पर छात्रों के खिलाफ पुलिस बल के इस्तेमाल को लेकर जवाबदेही से बचने का आरोप लगाया।
'पैलेट गन और लाठीचार्ज का जवाब दें शाह'
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी छात्रों के प्रदर्शन का मुद्दा उठाते हुए कहा कि विपक्ष चाहता है कि गृह मंत्री संसद में आकर पुलिस कार्रवाई पर जवाब दें। कांग्रेस का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज, आंसू गैस और पेलेट गन का इस्तेमाल किया गया। विपक्ष इस कार्रवाई की जिम्मेदारी गृह मंत्रालय के स्तर पर तय करने की मांग कर रहा है। राहुल गांधी ने कहा कि दिल्ली पुलिस केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन आती है, इसलिए इस मामले में गृह मंत्री की जवाबदेही तय होनी चाहिए। हालांकि, सरकार की ओर से इन आरोपों को लेकर अलग रुख सामने आया है। जेपी नड्डा ने स्पष्ट रूप से गोली चलने और गोली चलाने के आदेश से इनकार किया है। यही दावा अब सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच विवाद का मुख्य बिंदु बन गया है।
राहुल गांधी ने झारखंड के छात्रों का भी मुद्दा उठाया
दिल्ली के छात्रों के मुद्दे के साथ राहुल गांधी ने झारखंड में चल रहे JPSC-JSSC आंदोलन पर भी प्रतिक्रिया दी। रांची में सोमवार,10 अगस्त, को भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के बाद राहुल गांधी ने छात्रों पर बल प्रयोग को गलत बताया।
रांची में विधानसभा की ओर मार्च कर रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग, वाटर कैनन और लाठीचार्ज का इस्तेमाल किया। कुछ प्रदर्शनकारियों के घायल होने की खबरें भी सामने आईं। राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों को शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने का अधिकार है और ऐसे मामलों का समाधान बातचीत से होना चाहिए। उन्होंने झारखंड सरकार से छात्रों की शिकायतें सुनने और उनका जल्द समाधान करने की अपील की। यह मुद्दा राजनीतिक रूप से इसलिए भी अहम है क्योंकि कांग्रेस झारखंड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार का हिस्सा है।
जेपी नड्डा ने झारखंड को लेकर भी घेरा
जेपी नड्डा ने राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए झारखंड के छात्र आंदोलन का भी जिक्र किया। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर राहुल गांधी छात्रों की आवाज उठाने की बात कर रहे हैं तो उन्हें झारखंड में प्रदर्शन कर रहे छात्रों की आवाज भी सुननी चाहिए। नड्डा ने कांग्रेस पर दोहरे रवैये का आरोप लगाया। उनका कहना था कि कांग्रेस एक तरफ दिल्ली के प्रदर्शनकारियों को लेकर सवाल उठा रही है, जबकि झारखंड में कांग्रेस सरकार का हिस्सा है और वहां भी छात्रों का प्रदर्शन चल रहा है। नड्डा ने कहा कि विपक्ष को हर घटना को राजनीतिक हथियार बनाने के बजाय लोकतांत्रिक तरीके से मुद्दों पर चर्चा करनी चाहिए।


Click it and Unblock the Notifications
