जम्मू कश्मीर: पुंछ में पाकिस्तान ने तोड़ा युद्धविराम, गांवों को बनाया निशाना, सेना दे रही है जवाब
पुंछ। पाकिस्तान ने जम्मू कश्मीर के पुंछ में सोमवार को युद्धविराम का उल्लंघन किया है। पाक सेना की ओर से पुंछ के करनी और शाहपुर सेक्टर में सुबह 7:45 मिनट से भारी गोलीबारी शुरू हुई। यह गोलीबारी मोर्टार और छोटे हथियारों से की गई। पाकिस्तान की ओर से जारी फायरिंग की सेना बराबर जवाब दे रही है। इस फायरिंग में एक आम नागरिक घायल है जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
सुबह से जारी है भारी हथियारों से फायरिंग
जम्मू कश्मीर पुलिस के जवान मोहम्मद रफीक ने बताया कि पुंछ में एलओसी पर सुबह आठ बजे से फायरिंग जारी है। इस फायरिंग में एक व्यक्ति घायल है और उसका इलाज जारी है। पाकिस्तान की तरफ से लगातार रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया जा रहा है। अधिकारियों की ओर से कहा गया है कि एलओसी पर रहने वाले लोगों में डर और दहशत का माहौल है। राजौरी में भी पाकिस्तान की तरफ से लगातारी फायरिंग की जा रही है। रक्षा प्रवक्ता की ओर से बताया जा रहा है कि पाकिस्तान की तरफ गोलीबारी का बराबर जवाब दिया जा रहा है। पाकिस्तान ने केरनी, गुंटारिया और शाहपुर के अलावा कसबा के गांवों में मोर्टार से फायरिंग की है। यहां पर लोगों से घरों के अंदर रहने को कहा गया है और साथ ही सभी प्रकार की सावधानियां बरतने की भी अपील की गई है। यह भी पढ़ें-जम्मू कश्मीर: श्रीनगर से पकड़ा गया जैश का वॉन्टेड आतंकी