जम्मू कश्मीर: पाकिस्तान ने किया सीजफायर का उल्लघंन, 1 जवान शहीद
पुंछ। जम्मू एवं कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास पाकिस्तान ने मोर्टार और छोटे हथियारों से फायरिंग कर सीजफायर का उल्लघंन किया है। इस गोलीवारी में सेना के एक जवान की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए है। इस सीजफायर उल्लंघन का मुंहतोड़ जवाब देते हुए भारतीय सेना ने पाकिस्तान की कई चौकियां बर्बाद कर दी हैं। बता दें कि, पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर कुछ दिन की खामोशी के बाद एक बार फिर पाकिस्तानी सेना ने बीते एक हफ्ते से शाहपुर सेक्टर में सेना की चौकियों और रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया है।
सोमवार शाम पांच बजे के करीब पाकिस्तान सेना ने संघर्ष विराम का उल्लंघन किया और डोडा बटालियन क्षेत्र में अग्रिम चौकियों को निशाना बनाया। अधिकारियों ने बताया कि संघर्ष विराम उल्लंघन में सेना का एक जवान शहीद हो गया और तीन अन्य गंभीर रुप से घायल हो गए। शहीद जवान 4 ग्रेनेडियर का बताया जा रहा है। वहीं घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गोलाबारी से क्षेत्र में भय का माहौल बन गया है। पाकिस्तान लगातर पुंछ सेक्टर में कई दिनों से सीजफायर का उल्लंघन कर रहा है।
वहीं दूसरी ओऱ आपको बता दें कि जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में सोमवार को नियंत्रण रेखा के पास एक बारूदी सुरंग में विस्फोट होने से बीएसएफ का एक जवान घायल हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि घायल जवान को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और वह खतरे से बाहर हैं। इससे पहले शनिवार को पाकिस्तान ने शाहपुर सेक्टर में भारतीय चौकियों को निशाना बनाते हुए गोलीबारी की थी।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल पाकिस्तान ने 6 जून तक 1170 बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है। वहीं 2018 में 1629 बार पाकिस्तान ने सीजफायर का उल्लंघन किया था। गृह मंत्रालय ने 12 दिसंबर 2018 को इस बात का जिक्र किया था कि इस साल आतंकी वारदातों की संख्या पिछले वर्ष के मुकाबले दोगुने से ज्यादा थी।
राम मंदिर पर शिवसेना सांसद बोले, 'हमारे लिए मोदी, शाह, योगी और आम लोग ही सुप्रीम कोर्ट हैं'