जम्मू कश्मीर: पुंछ के मेंढर में पाकिस्तान सेना की फायरिंग, एक JCO घायल
पुंछ। पाकिस्तान की तरफ से एलओसी से सटे पुंछ में लगातार फायरिंग की जा रही है। शुक्रवार तड़के पाक की तरफ से हुई फायरिंग में इंडियन आर्मी की पोस्ट्स को निशाना बनाया जा रहा है। पाक की सेना मेंढर के मनकोट सेक्टर में फायरिंग कर रही है और इसमें एक जेसीओ के घायल होने की खबरें हैं। सेना की ओर से फायरिंग का करारा जवाब दिया जा रहा है। सूत्रों की मानें तो जवाबी कार्रवाई में पाक सेना की कई पोस्ट्स को भी तबाह कर दिया गया है।
शुक्रवार तड़के से जारी है फायरिंग
सेना के प्रवक्ता की ओर से जानकारी दी गई है कि शुक्रवार तड़के तीन बजे पाकिस्तानी सेना ने भारतीय चौकियों और रिहाइशी इलाकों को निशाना बनाते हुए मोर्टार दागे। इस दौरान भारतीय सेना की आठ गढ़वाल रेजीमेंट में तैनात जेसीओ महेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए आर्मी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। पाकिस्तान इससे पहले बुधवार को भी पाक सेना ने इंटरनेशनल बॉर्डर पर रातभर गोलाबारी की थी। बीएसएफ ने उस समय पाक की फायरिंग का करारा जवाब दिया था। बुधवार को पाक ने करीब 50 मोर्टार और गोलियां दागीं। इस वजह से गांववालों को बंकरों में शरण लेनी पड़ी थी। ऐसे में ग्रामीण रातभर सहमे रहे। गोलाबारी का सिलसिला गुरुवार सुबह साढ़े पांच बजे तक जारी रहा।