जम्मू कश्मीर: श्रीनगर में मोस्ट वॉन्टेड हयात अहमद गिरफ्तार, पत्थरबाजों को सुरक्षाबलों पर हमले के लिए उकसाता था
श्रीनगर। जम्मू कश्मीर पुलिस ने बुधवार को श्रीनगर के डाउनटाउन इलाके से मोस्ट वॉन्टेड क्रिमिनल हयाम अहमद भट को गिरफ्तार कर लिया है। भट को घाटी में पत्थरबाजों को उकसा कर यहां की की कानून व्यवस्था को बिगाड़ने का दोषी माना जाता है। भट को श्रीनगर के शूरा से गिरफ्तार किया गया है। हयाज डार पर आरोप है कि उसने शरारती तत्वों को उकसाने में अहम भूमिका अदा की और जेनब साहिब शूरा इलाके में इकट्ठा किया था।
16 से ज्यादा एफआईआर
हयात अहमद भट उर्फ हयात डार पहले प्रतिबंधित संगठन मुस्लिम लीग से जुड़ा हुआ था। उसे दो बार जम्मू कश्मीर पब्लिक सेफ्टी एक्ट (पीएसए) के तहत बुक किया जा चुका था। उस पर 16 से ज्यादा एफआईआर दर्ज थीं। जम्मू कश्मीर पुलिस के डीजीपी दिलबाग सिंह ने बताया है कि डार को बुधवार सुबह हुई छापेमारी की कार्रवाई में गिरफ्तार किया गया है। दिलबाग सिंह के शब्दों में, 'उस पर पहले पीएसए के तहत केस दर्ज था। रिहाई के बाद उसने श्रीनगर के शूरा और अनचार झील के आसपास के इलाके में पत्थरबाजों को इकट्ठा करना शुरू कर दिया था। उसकी गिरफ्तारी हमारे लिए बड़ी सफलता है।' इस वर्ष उसके खिलाफ यूएलए (पी) के तहत केस दर्ज किया गया था। शूरा की पुलिस स्टेशन में यह केस उसकी संदिग्ध गतिविधियों की वजह से दर्ज हुआ था।