जम्मू-कश्मीर में अब कैसे हैं हालात? केंद्रीय मंत्री ने बाढ़ पर दिया अपडेट, खतरनाक स्तर पर पहुंची चेनाब नदी
Jammu Kashmir Floods: जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने ट्विटर (X) पर हालात के बारे में अपडेट दिया है। उन्होंने बताया कि जम्मू संभाग के अधिकांश हिस्सों में बारिश जारी है, हालांकि अब इसकी तीव्रता कम हो गई है। फिलहाल, भारी बारिश के बाद श्री माता वैष्णो देवी यात्रा रोक दी गई है।
डॉ. सिंह ने कहा कि तावी नदी का जलस्तर कम हुआ है, लेकिन चेनाब नदी अभी भी खतरे के निशान के पास बह रही है। स्थानीय प्रशासन ने बाढ़ के संभावित खतरे को देखते हुए सतर्कता बढ़ा दी है।

मूलभूत सेवाओं की बहाली
मंत्री ने बताया कि तत्काल प्राथमिकता बिजली, जल आपूर्ति और मोबाइल सेवाओं की बहाली है। इस दिशा में प्रशासन ने लगातार रातभर काम किया। एसडीआरएफ (SDRF), एनडीआरएफ (NDRF), अर्धसैनिक बल, सेना और एयरफोर्स नागरिक प्रशासन के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
स्कूल, कॉलेज बंद और नागरिकों के लिए सुरक्षा निर्देश
सुरक्षा के लिहाज से जम्मू संभाग के सभी स्कूल और कॉलेज बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। नागरिकों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
ऐतिहासिक मधोपुर पुल पर यातायात बंद
मंत्री ने याद दिलाया कि मधोपुर पुल, जो 11 मई 1953 को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की गिरफ्तारी के समय ऐतिहासिक बना था। वहां अब सुबह 3 बजे से यातायात बंद कर दिया गया है।
पीएम मोदी लगातार कर रहे मॉनिटर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व्यक्तिगत रूप से स्थिति पर नजर रख रहे हैं और अधिकारियों से लगातार अपडेट ले रहे हैं।प्रशासन ने प्रत्येक जिले के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं ताकि प्रभावित नागरिक तुरंत मदद ले सकें।
जम्मू-कश्मीर: आपातकालीन स्थिति में निम्न नंबरों पर संपर्क करें (24x7):
- जम्मू: 0191-2571616
- सांबा: 01923-241004, 01923-246915
- कठुआ: 01922-238796
- पुंछ: 01965-2200888
- राजौरी: 01962-295895
- उधमपुर: 01992-272727, 01992-272728
- रीसी: 9419839557
- रामबन: 01998-295500, 01998-266790
- डोडा: 9596776203
- किश्तवाड़: 9484217492
अब तक 30 लोगों की मौत
जम्मू-कश्मीर में वैष्णो देवी मंदिर के रास्ते में हुए भूस्खलन में अब तक 30 लोगों की मौत हो गई है। अर्धकुंवारी में इंद्रप्रस्थ भोजनालय के पास हुए भीषण भूस्खलन में कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। यह भूस्खलन जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश के कारण हुआ। फिलहाल, भारी बारिश के बाद श्री माता वैष्णो देवी यात्रा रोक दी गई है।
3,500 से ज़्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया
जम्मू और कश्मीर में बाढ़ के कारण स्थिति बिगड़ने पर 3,500 से ज़्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। जिला प्रशासन, जम्मू-कश्मीर पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, भारतीय सेना और स्थानीय स्वयंसेवकों की टीमें सबसे ज़्यादा प्रभावित इलाकों में लोगों को निकालने और राहत कार्य में जुटी हैं, जबकि अधिकारी महत्वपूर्ण बुनियादी ढाँचे और आवश्यक सेवाओं को बहाल करने पर भी ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications