जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस सरपंच की हत्या, राहुल गांधी ने कहा-हिंसा कभी जीत नहीं सकती
नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर में आतंकियों ने कांग्रेस सरपंच की निर्ममता से हत्या कर दी। कांग्रेस सरपंच की हत्या के बाद घाटी में तनाव की स्थिति है। आतंकियों ने अनंतनाग जिले के लारकीपुरा इलाके के सरपंच अजय पंडित की गोली मारकर हत्या कर दी। अजय की हत्या के बाद कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने संवेदना व्यक्त करते हुए इस घटना की निंदा की है।


आपको बता दें कि अनंतनाग में आतंकियों ने अजय की गोली मारकर हत्या कर दी। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हत्या के बाद जम्मू कश्मीर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। इस मामले की जांच की जा रही है। अब तक किसी भी आतंकी संगठन ने इस हत्याकांड की जिम्मेदारी नहीं ली है। अजय पंडित घाटी में कश्मीरी पंडितों की वापसी के लिए बढ़चढ़ कर काम कर रहे थे।
उनके भाई विजय भारती ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उन्हें कभी कोई धमकी नहीं मिली थी। इस हत्या के पीछे क्या मकसद है इसका पता नहीं चल पाया है। वहीं बीजेपी ने इस घटना की निंदा की है। बीजेपी की ओर से कहा गया कि घाटी में शांति बहाली की कोशिशों को नाकाम करने के मकसद से पाकिस्तानी आतंकियों ने कांग्रेस सरपंच को निशाना बनाया। वहीं पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।












Click it and Unblock the Notifications