अमित शाह पर जगन मोहन रेड्डी का पलटवार, हमें भाजपा या अन्य दलों का नहीं चाहिए समर्थन
अमित शाह पर पलटवार करते हुए जगन मोहन रेड्डी ने कहा कि हमें भाजपा या किसी अन्य पार्टी के समर्थन की जरूरत नहीं है। अगला चुनाव हम अकेले लडे़ंगे, जनता हमारे साथ है।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने जिस तरह से आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डे पर घोटालों, रैकेट और भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाया उसके बाद वाईएसआर कांग्रेस पार्टी ने उनपर पलटवार किया है। वाईएसआर कांग्रेस ने कहा कि वो तेलुगू देशम पार्टी के जाल में फंस गए हैं।
वहीं जगन मोहन रेड्डी ने कहा कि हमें भाजपा और अन्य पार्टियों का समर्थन नहीं चाहिए, हम अगला चुनाव अकेले ही लड़ेंगे। वहीं वाएसआर कांग्रेस के सांसद वाईवी सुब्बा रेड्डी ने कहा कि अमित शाह टीडीपी के शब्दों का प्रचार कर रहे हैं।

गौर करने वाली बात है कि अमित शाह ने जगन सरकार पर पिछले चार सालों में कोई काम नहीं करने का आरोप लगाया था, उन्होंने कहा कि इस सरकार ने भ्रष्टाचार, घोटालों और रैकेट के अलावा कोई काम नहीं किया है।
शाह ने कहा कि जगन सरकार दावा करती है कि वह गरीबों के लिए काम करने वाली सरकार है, लेकिन किसानों की आत्महत्या के मामले में आंध्र प्रदेश तीसरे पायदान पर है। मुख्यमंत्री को इसपर शर्म आनी चाहिए। शाह ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा दिए गए फंड का भी फर्जीवाड़ा हुआ है।
अमित शाह का नाम लिए बिना जगन ने उनपर तीखा हमला बोला है। एक जनसभा के दौरान जगन ने कहा कि प्रदेश के लोग मेरे ताकत हैं, नाकि कोई राजनीतिक दल, टीडीपी की तरह मैं दूसरे दलों का समर्थन नहीं लेता।
जगन ने कहा आप लोग मेरी ताकत हैं, मेरे पास भाजपा या अन्य दलों का समर्थन नहीं है, लेकिन मुझे कोई डर नहीं है जब जनता और भगवान का आशीर्वाद मेरे साथ है।
सुब्बा रेड्डी ने कहा कि अमित शाह ने विशाखापट्टनम स्टील प्लांट के निजिकरण को लेकर एक भी शब्द नहीं कहा। आखिर वो कैसे आंध्र प्रदेश में 20 सांसदों की मांग कर सकते हैं।
वहीं टीडीपी के प्रवक्ता और पूर्व विधायक पारचुरी अशोक बाबू ने कहा कि जगन मोहन का बयान यह दर्शाता है कि वह डरे हुए हैं, उन्हें अगले चुनाव में हार साफ दिख रही है, यही वजह है कि वह चंद्रबाबू नायडू पर कीचड़ उछाल रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications