सेमीकंडक्टर को लेकर आने वाली है अच्छी खबर, IT मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिए संकेत
आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि भारत में सेमीकंडक्टर पारिस्थितिकी तंत्र की तैयारी की जा रही है। भारतीय सेमीकंडक्टर मिशन अगले 10 सालों के लिए देश को एक अच्छी सेमीकंडक्टर यात्रा पर ले जा सकता है।

Ashwini Vaishnaw on Semiconductor Mission: सेमीकंडक्टर्स चिप्स को लेकर एक बड़ी और अच्छी खबर आ रही है। सेमीकंडक्टर चिप्स मौजूदा वक्त में इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों में काम आने वाला बेहद जरूरी पार्ट है। लोगों की जिंदगी से जुड़े इलेक्ट्रॉनिक्स चीजों में इसका इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि भारतीय सेमीकंडक्टर मिशन अगले 10 सालों के लिए देश को एक अच्छी सेमीकंडक्टर यात्रा पर ले जा सकता है।
दरअसल, भारतीय सेमीकंडक्टर मिशन को साल 2022 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लॉन्च किया था। अब हाल ही में एक सेमीकॉन इंडिया प्रोग्राम में बोलते हुए आईटी मंत्री ने कहा कि यह विजन देश को अगले 10 वर्षों के लिए अच्छी सेमीकंडक्टर यात्रा पर ले जा सकती है।
प्रोग्राम के अंदर मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, 'जब प्रधानमंत्री ने 1 जनवरी 2022 को सेमीकॉन कार्यक्रम को मंजूरी दी थी, तो हमने आप सभी से वादा किया था कि अगले 14 से 16 महीनों के भीतर हम कड़ी मेहनत करेंगे, हर बातचीत करेंगे। दुनिया के अनुभव से सीखेंगे और एक ऐसा कार्यक्रम लेकर आएंगे जो विश्वसनीय हो।'
उन्होंने आगे कहा, "सरकार के रूप में हमने आपसे वादा किया था और यह 14 से 16 महीने की अवधि इस 1 मार्च से शुरू हो रही है। इसलिए बने रहें, आने वाले हफ्तों में आपको कुछ अच्छी खबर मिलेगी।" न्यूज एजेंसी एएनआई को आईटी मिनिस्टर ने बताया कि पीएम मोदी ने 1 जनवरी 2022 को सेमीकॉन इंडिया प्रोग्राम लॉन्च किया। इसके तहत भारत 10 वर्षों में 85,000 सेमीकंडक्टर पेशेवरों को विकसित करेगा। इसी के तहत काम करते हुए सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री के साथ जुड़कर एआईसीटीई ने 2 नए प्रोग्राम शुरू किए हैं। आईटी मंत्री ने इस बात पर भी जोर देते हुए कहा कि ग्लोबल कंपनियों ने भारत के सेमीकंडक्टर निर्माण में गहरी दिलचस्पी दिखाई है, जो देश की रणनीतिक जरूरतों को पूरा करने के लिए महत्वपूर्ण है।












Click it and Unblock the Notifications