ISRO ने लॉन्च किया NVS-03 सैटेलाइट: कारगिल में मिली सीख,अब सेना को मिलेगी सटीक लोकेशन, आम लोगों को क्या फायदा?

भारत ने अपनी नेविगेशन ताकत बढ़ाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने शुक्रवार 30 अक्टूबर की रात 11 बजकर 51 मिनट पर NVS-03 नेविगेशन सैटेलाइट सफलतापूर्वक लॉन्च किया। आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा से इसे GSLV-F18 रॉकेट के जरिए अंतरिक्ष में भेजा गया। उड़ान भरने के करीब 18 मिनट बाद ही 2,232 किलोग्राम वजनी यह सैटेलाइट अपने तय ऑर्बिट में स्थापित हो गया। इस नए सैटेलाइट के आने से भारत के अपने स्वदेशी नेविगेशन सिस्टम यानी NavIC को और ज्यादा मजबूती मिल गई है।

यह लॉन्च सिर्फ एक और अंतरिक्ष मिशन नहीं है। इससे भारत के अपने नेविगेशन सिस्टम NavIC को मजबूती मिलेगी। यह सिस्टम देश में और भारतीय सीमा से करीब 1,500 किलोमीटर बाहर तक लोकेशन और नेविगेशन सेवाएं दे सकता है। इसका इस्तेमाल आम नागरिकों के साथ सेना और दूसरे अधिकृत रणनीतिक उपयोगकर्ता भी कर सकते हैं। इस मिशन की अहमियत इसलिए भी बढ़ जाती है, क्योंकि भारत को अपने स्वतंत्र नेविगेशन सिस्टम की जरूरत 1999 के कारगिल युद्ध के दौरान महसूस हुई थी। अमेरिका से भारत ने उस वक्त मदद मांगी थी लेकिन मना कर दिया गया था।

ISRO Launches NVS-03

कारगिल युद्ध के बाद क्यों पड़ी अपने GPS की जरूरत?

1999 के कारगिल युद्ध के दौरान भारत को सैन्य जरूरतों के लिए अमेरिकी जीपीएस से लोकेशन संबंधी जानकारी चाहिए थी। लेकिन अमेरिका ने यह जानकारी देने से इनकार कर दिया था। इस अनुभव ने भारत को समझा दिया कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े कामों के लिए किसी दूसरे देश की नेविगेशन व्यवस्था पर पूरी तरह निर्भर रहना जोखिम भरा हो सकता है।

इसके बाद भारत ने अपना क्षेत्रीय सैटेलाइट नेविगेशन सिस्टम विकसित करने की दिशा में काम शुरू किया। इसी कोशिश से आईआरएनएसएस यानी इंडियन रीजनल नेविगेशन सैटेलाइट सिस्टम तैयार हुआ। बाद में इसे NavIC नाम दिया गया। इसका पूरा नाम नेविगेशन विद इंडियन कॉन्स्टेलेशन है। इसका मकसद भारत को अपनी स्वतंत्र लोकेशन, नेविगेशन और टाइमिंग सेवाएं देना है।

NVS-03 क्या है और इसमें कौन सी तकनीक लगी है? (NVS-03 Satellite Features)

NVS-03 भारत की दूसरी पीढ़ी के NavIC सैटेलाइट्स की श्रृंखला का तीसरा उपग्रह है। इसे मौजूदा नेटवर्क की क्षमता बढ़ाने और सेवाओं को ज्यादा भरोसेमंद बनाने के लिए तैयार किया गया है। इसे आईआरएनएसएस-1एल के नाम से भी पहचाना गया है। यह NavIC के लिए लॉन्च किया गया 12वां सैटेलाइट है।

इस मिशन की एक बड़ी खासियत इसमें इस्तेमाल की गई स्वदेशी एटॉमिक क्लॉक तकनीक है। सैटेलाइट में भारतीय एटॉमिक क्लॉक के साथ खरीदी गई क्लॉक भी मौजूद हैं। नेविगेशन सिस्टम में एटॉमिक क्लॉक बेहद अहम होती हैं। ये सटीक समय बताती हैं। इसी टाइमिंग डेटा के आधार पर जमीन पर मौजूद डिवाइस अपनी लोकेशन का पता लगाते हैं। समय की गणना में मामूली गलती भी लोकेशन की सटीकता को प्रभावित कर सकती है।

NVS-03 एल1, एल5 और एस बैंड पर सिग्नल देने में सक्षम है। एल1 बैंड जुड़ने से NavIC को सपोर्ट करने वाले स्मार्टफोन और दूसरे उपकरणों की संख्या बढ़ाने में मदद मिल सकती है।

ISRO Launches NVS-03

सेना और आम लोगों को कैसे मिलेगा फायदा?

NavIC भारत और उसकी सीमा से करीब 1,500 किलोमीटर तक नेविगेशन सेवाएं देने के लिए बनाया गया है। इसमें दो तरह की सेवाएं हैं। पहली स्टैंडर्ड पोजिशनिंग सर्विस, जिसका इस्तेमाल आम नागरिक कर सकते हैं। दूसरी रिस्ट्रिक्टेड सर्विस है, जो सेना और अधिकृत रणनीतिक उपयोगकर्ताओं के लिए है।

इसका फायदा कई क्षेत्रों में मिल सकता है। सेना को सीमावर्ती इलाकों में लोकेशन और नेविगेशन से जुड़ी जानकारी मिलेगी। इसके अलावा-

  • मोबाइल और वाहन: NavIC सपोर्ट वाले फोन और उपकरणों में लोकेशन की जानकारी मिल सकेगी। टैक्सी, बस और ट्रकों की ट्रैकिंग भी आसान होगी।
  • मछुआरे और समुद्री यातायात: समुद्र में दिशा और लोकेशन जानने में मदद मिलेगी।
  • खेती: सटीक लोकेशन आधारित कृषि तकनीकों का इस्तेमाल आसान हो सकता है।
  • आपदा प्रबंधन: बाढ़ और चक्रवात जैसी आपदाओं के दौरान राहत और बचाव टीमों को मदद मिल सकती है।
  • विमान और जहाज: नेविगेशन सेवाओं को मजबूती मिलेगी।
  • बैंकिंग और बिजली ग्रिड: दूरसंचार, बैंकिंग और बिजली जैसी सेवाओं को सटीक टाइमिंग उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
ISRO Launches NVS-03

NavIC को मजबूत बनाने की जरूरत क्यों पड़ी?

भारत के नेविगेशन कार्यक्रम को तकनीकी चुनौतियों का सामना भी करना पड़ा है। अब तक इस सिस्टम के लिए 11 सैटेलाइट लॉन्च किए जा चुके थे। इनमें से एक लॉन्च असफल रहा, जबकि एक अन्य सैटेलाइट तकनीकी दिक्कत के चलते नेविगेशन सेवा देने में सक्षम नहीं रहा। कुछ उपग्रहों की एटॉमिक क्लॉक में आई खराबी ने भी नेटवर्क की क्षमता को प्रभावित किया।

NavIC को पूरी क्षमता से चलाने के लिए सात कामकाजी नेविगेशन सैटेलाइट्स का नेटवर्क तैयार करना लक्ष्य है। NVS-03 के बाद फिलहाल चार नेविगेशन सैटेलाइट्स के जरिए नेटवर्क को समर्थन मिल रहा है। आने वाले वक्त में NVS-04 और NVS-05 को भी लॉन्च करने की योजना है। यानी NVS-03 से मजबूती जरूर मिली है, लेकिन पूरा सात-सैटेलाइट नेटवर्क तैयार होना अभी बाकी है।

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी अंतरिक्ष आधारित संसाधनों की रणनीतिक अहमियत सामने आई थी। उस वक्त इसरो ने देश की जरूरतों के लिए अपने 50 से ज्यादा सैटेलाइट्स की क्षमता का इस्तेमाल किया था। इनमें पृथ्वी की निगरानी और संचार से जुड़े उपग्रह शामिल थे। लेकिन पूरी तरह मजबूत NavIC नेटवर्क की कमी एक चुनौती बनी हुई थी।

क्या NavIC भारत में GPS की जगह ले लेगा? (NavIC vs GPS)

नहीं, NavIC का मकसद अमेरिकी GPS को पूरी तरह हटाना नहीं है। दोनों प्रणालियों के काम करने का दायरा अलग है। GPS दुनिया भर में लोकेशन सेवाएं देता है, जबकि NavIC भारत और आसपास के करीब 1,500 किलोमीटर के क्षेत्र पर फोकस करता है। दोनों सिस्टम एक साथ काम कर सकते हैं। NavIC से भारत की विदेशी नेविगेशन प्रणालियों पर निर्भरता कम होगी।

यह सुविधा हर स्मार्टफोन में अपने आप उपलब्ध नहीं होगी। फोन में NavIC और उससे जुड़े फ्रीक्वेंसी बैंड को सपोर्ट करने वाला हार्डवेयर होना जरूरी है। जिन डिवाइस में यह सुविधा है, वे GPS के साथ NavIC के सिग्नल का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।

GSLV-F18 की सफलता क्यों है खास?

NVS-03 को अंतरिक्ष में पहुंचाने वाले GSLV रॉकेट ने भी इस मिशन में अहम भूमिका निभाई। करीब 50 मीटर ऊंचे और लॉन्च के वक्त लगभग 420 टन वजनी इस तीन-चरण वाले रॉकेट ने सैटेलाइट को तय ट्रांसफर ऑर्बिट में पहुंचाया। क्रायोजेनिक तकनीक से जुड़ी चुनौतियों के कारण GSLV को पहले कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा था। इसके 20 लॉन्च में छह मिशन असफल रहे थे। लेकिन लगातार तकनीकी सुधारों के बाद इसकी विश्वसनीयता बढ़ी है। हाल ही में इसी रॉकेट ने भारत-अमेरिका के संयुक्त पृथ्वी निगरानी मिशन NISAR को भी लॉन्च किया था।

इसरो प्रमुख वी नारायणन ने सैटेलाइट को निर्धारित कक्षा में सटीक तरीके से पहुंचाए जाने की पुष्टि की। उन्होंने इस मिशन को 'वन नेशन, वन टाइम' के लक्ष्य की दिशा में भी अहम बताया। 2026 में इसरो का यह तीसरा लॉन्च था। कुल मिलाकर NVS-03 भारत को नेविगेशन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की कोशिश का एक अहम पड़ाव है। हालांकि, पूरी क्षमता हासिल करने के लिए अभी और सैटेलाइट लॉन्च करने होंगे।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+