चंद्रयान-2 के सफल लॉन्च पर बोले पीएम मोदी- ये गर्व का समय, जानिए किसने क्या कहा
नई दिल्ली। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने दूसरा मून मिशन चंद्रयान-2 सफलतापूर्वक लॉन्च कर दिया। सोमवार दोपहर 2:43 मिनट पर सतीश धवन अंतरिक्ष केन्द्र में दूसरे लांच पैड से चंद्रयान-2 का प्रक्षेपण किया गया। चंद्रयान-2 पहले 15 जुलाई को लॉन्च होना था लेकिन तकनीकी खामियों की वजह से इसकी लॉन्चिंग को 56 मिनट 24 सेकेंड पहले टालना पड़ गया था। चंद्रयान-2 की सफल लॉन्चिंग पर पीएम मोदी ने बधाई दी और दो तस्वीरें भी शेयर की।
पीएम मोदी द्वारा शेयर की गई तस्वीर में वे चंद्रयान-2 की लॉन्चिंग को लाइव टीवी पर पर देख रहे हैं। उन्होंने लिखा, 'ये पल 130 करोड़ भारतीयों के लिए गर्व करने वाला है। चंद्रयान-2 की सफल लॉन्चिंग भारत के महान वैज्ञानिकों की दृढ़ता की गाथा बताती है। चंद्रयान-2 जैसे प्रयास युवाओं को विज्ञान और उच्च गुणवत्ता वाले अनुसंधान की ओर प्रोत्साहित करेंगे। चंद्रयान-2 की सफल लॉन्चिंग के बाद इसरो प्रमुख के सीवन ने खुशी जाहिर की। उन्होंने चांद को लेकर इसे ऐतिहासिक शुरुआत बताते हुए कहा कि वैज्ञानिकों की कड़ी मेहनत से सफलता मिली।
चंद्रयान-2 के सफल लॉन्चिंग पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी बधाई दी। उन्होंने ट्वीट किया, 'श्रीहरिकोटा से चन्द्रयान-2 का ऐतिहासिक प्रक्षेपण हर भारतीय के लिए एक गर्व का क्षण है। भारत के स्वदेशी अंतरिक्ष कार्यक्रम को आगे बढ़ाने के लिए इसरो के सभी वैज्ञानिकों और इंजीनियरों को बधाई। मेरी कामना है कि टेक्नॉलॉजी के नए-नए क्षेत्रों में 'इसरो', नित नई ऊंचाइयों तक पहुंचे।'
ये भी पढ़ें: श्रीहरिकोटा से चंद्रयान-2 की सफल लॉन्चिंग, इसरो चीफ बोले चमकीले रंगों के साथ की वापसी
चंद्रयान-2 के सफल प्रक्षेपण पर लोकसभा और राज्यसभा में भी इसरो को बधाई दी गई। उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने चंद्रयान-2 के सफल प्रक्षेपण को ऐतिहासिक यात्रा बताया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी चंद्रयान- 2 के सफल प्रक्षेपण पर बधाई दी। उन्होंने ट्वीट किया, 'चंद्रयान-2 के सफल लॉन्च ने भारत के अंतरिक्ष के इतिहास में एक नया पन्ना जोड़ा है। पूरे देश को इसरो की टीम और हमारे वैज्ञानिकों पर गर्व है।
गृहमंत्री अमित शाह ने भी चंद्रयान- 2 के सफल प्रक्षेपण के लिए इसरो को बधाई दी। अमित शाह ने ट्वीट किया, 'चंद्रयान-2 के सफल प्रक्षेपण और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में एक और बेंचमार्क स्थापित करने के लिए इसरो के वैज्ञानिकों को बधाई।' भारत को इस सफलता के लिए देश विदेश से शुभकामनाएं मिलनी शुरू हो गई हैं। अमेरिका, चीन और रूस के बाद चांद पर सॉफ्ट लैंडिंग करने वाला भारत चौथा देश होगा।