Israel Qatar attacks: PM मोदी ने कतर के अमीर से फोन पर की बात, दोहा पर इजरायली हमले की घोर निंदा
Israel Qatar attacks: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी से बुधवार को टेलीफोन पर बात की। इस दौरान उन्होंने दोहा में हुए हमलों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इज़राइली हमलों की निंदा की। यह जानकारी पीएम मोदी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट के माध्यम से दी।
पीएम मोदी ने आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों की कड़ी निंदा की। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि मुद्दों का समाधान बातचीत और कूटनीति से ही संभव है, और तनाव बढ़ाने से बचने का आग्रह किया।

अपनी 'एक्स' पोस्ट में पीएम मोदी ने आगे लिखा, "कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी से बात की और दोहा में हुए हमलों पर गहरी चिंता व्यक्त की।" उन्होंने स्पष्ट किया कि "भारत दोहा के संप्रभुता के उल्लंघन की निंदा करता है।"
भारत मर्थन में दृढ़ता से खड़ा है
प्रधानमंत्री ने क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के प्रति भारत की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा, "भारत क्षेत्र में शांति और स्थिरता के समर्थन में दृढ़ता से खड़ा है, और आतंकवाद के सभी रूपों तथा ऐसी अभिव्यक्तियों के खिलाफ है।"
कतर ने कड़ी चेतावनी जारी की
गौरतलब है कि दोहा में इज़रायली हमले के बाद कतर ने कड़ी चेतावनी जारी की है, जिसमें इसे अंतर्राष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन बताया गया है। इस घटना से मध्य पूर्व में नया संकट गहराने की आशंका है, खासकर तब जब कतर इज़रायल और हमास के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है।
"कायरतापूर्ण" और "आपराधिक" बताया
कतर के विदेश मंत्रालय ने इज़रायली हवाई हमले को "कायरतापूर्ण" और "आपराधिक" करार दिया है। इस हमले में दोहा स्थित हमास के राजनीतिक ब्यूरो के कई सदस्यों के आवासीय भवनों को निशाना बनाया गया था। कतर ने इसे अपनी सुरक्षा और संप्रभुता पर गंभीर खतरा बताया है।
हमले के बाद, सुरक्षा बलों और नागरिक सुरक्षा अधिकारियों ने तुरंत कार्यवाही करते हुए निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उपाय किए। कतरी विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि वे इज़रायल के इस "लापरवाह व्यवहार" को बर्दाश्त नहीं करेंगे और क्षेत्रीय सुरक्षा में बाधा डालने वाले किसी भी कृत्य के खिलाफ दृढ़ता से खड़े रहेंगे।
मुस्लिम मित्र देश जॉर्डन ने भी कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की
इज़रायल के इस हमले पर उसके मुस्लिम मित्र देश जॉर्डन ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है। जॉर्डन के विदेश मंत्रालय ने इसे अंतर्राष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र चार्टर का घोर उल्लंघन बताते हुए कतर की संप्रभुता पर हमला करार दिया है। जॉर्डन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता फुआद मजाली ने कहा कि यह हमला "एक अरब राज्य की संप्रभुता का उल्लंघन और एक खतरनाक, उत्तेजक तथा अस्वीकार्य उकसावा है जो क्षेत्र को और अधिक हिंसा व संघर्ष की ओर धकेलता है।" उन्होंने कतर के अपनी सुरक्षा की रक्षा के प्रयासों को समर्थन देने की बात भी दोहराई।












Click it and Unblock the Notifications