लखीमपुर खीरी घटना: विपक्षी नेताओं की हिरासत पर भड़के संजय राउत, कहा- क्या यूपी पाकिस्तान में है?
मुंबई, अक्टूबर 06। लखीमपुर खीरी की घटना को लेकर शिवसेना ने भी बीजेपी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिए जाने की घटनाओं पर नाराजगी जाहिर करते हुए शिवसेना प्रवक्ता संजय राउत ने कहा है कि क्या उत्तर प्रदेश पाकिस्तान में है? जहां भारतीयों के जाने पर पाबंदी लगाई हुई है। बुधवार को न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए संजय राउत ने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई बड़े नेताओं को यूपी सरकार ने लखीमपुर जाने से रोका है। क्या उत्तर प्रदेश पाकिस्तान में है, जो भारतीयों को वहां जाने से रोका जा रहा है?

क्या यह एक नया लॉकडाउन है?
संजय राउत ने कहा कि उत्तर प्रदेश प्रशासन लखीमपुर खीरी में धारा 144 लगा रहा है, लेकिन लखनऊ में विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया जा रहा है। यह किस तरह का कानून है? क्या यूपी पाकिस्तान में है जहां भारतीयों को जाने से रोका जाता है? एक राज्य से दूसरे राज्य में आवाजाही पर प्रतिबंध है। क्या यह एक नया लॉकडाउन है?" संजय राउत ने पुलिस प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि वो तो एक पिंजरे में बंद तोते की तरह है, जो सरकार निर्देश देती है, प्रशासन उसी का पालन करता है। वहां किसानों के उपर गाड़ी चढ़ने के सबूत हैं।"
लखीमपुर खीरी जाएगा एक प्रतिनिधिमंडल?
संजय राउत ने आगे कहा कि प्रियंका गांधी को यूपी पुलिस गिरफ्तार करती है। वहीं राहुल गांधी को फ्लाइट में चढ़ने से रोका जाता है। इतना ही नहीं एक राज्य के मुख्यमंत्री को भी उत्तर प्रदेश में रोका जा रहा है, मैं पूछना चाहता हूं कि आखिर एक सीएम ने क्या अपराध किया है? क्या देश में कोई नया संविधान है? राउत ने कहा है कि आने वाले दिनों में सभी विपक्षी दल इस बात पर चर्चा करेंगे कि क्या एक प्रतिनिधिमंडल को लखीमपुर भेजा जाना चाहिए?












Click it and Unblock the Notifications