INX Media: ED का बड़ा खुलासा, कार्ति ने एक बड़े नेता के खाते में डाले थे 1.8 करोड़ रुपए
Recommended Video

नई दिल्ली। आईएनएक्स मीडिया मामले में पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम के बेटे कार्ति चिदंबरम की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है। इस मामले में लगातार कार्ति के खिलाफ जांच ईडी और सीबीआई कार्रवाई कर रही है। इस बीच ईडी ने दावा किया है कि कार्ति चिदंबरम ने एक नेता को प्रभावित करने के लिए 1.8 करोड़ रुपए की घूस दी और यह पैसा कार्ति ने नेता के बैंक खाते में ट्रांसफर किया था। ईडी का दावा है कि कार्ति ने चेन्नई स्थित रॉयल बैंक ऑप स्कॉटलैंड में अपने खाते से एक नेता के बैंक खाते में 1.8 करोड़ रुपए ट्रांसफर किया था।

नेता का नाम नहीं बताया
ईडी के अनुसार जिस नेता के बैंक खाते में यह पैसा भेजा गया है वह काफी प्रभावी नेता था और उसके पास केंद्र सरकार में काफी अहम जिम्मेदारी थी। हालांकि ईडी ने इस नेता के नाम का खुलासा नहीं किया है। ईडी का कहना है कि नेता के नाम का खुलासा करने से जांच प्रभावित हो सकती है। आपको बता दें कि सीबीआई ने कार्ति चिदंबरम को 28 फरवरी को चेन्नई एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है। जिस वक्त कार्ति लंदन से बिजनेस ट्रिप से लौटे, उस वक्त सीबीआई ने उन्हें एयरपोर्ट से गिरफ्तार करके दिल्ली ले गई।

2006 में ट्रांसफर किया गया पैसा
जानकारी के अनुसार इस पूरे मामले में अब जांच एजेंसिया अब इस बड़े नेता से भी पूछताछ करने की तैयारी कर रही हैं। इस नेता के बैंक खाते में 16 जनवरी 2006 से 23 सितंबर 2009 के बीच पैसे ट्रांसफर किए गए हैं। ईडी इस बात का इंतजार कर रही है कि कार्ति चिदंबरम की सीबीआई कस्टडी खत्म हो, जिसके बाद ईडी कार्ति की कस्टडी की मांग करेगी। ईडी कार्ति से इस बात की पूछताछ कर सकती है कि आखिर क्यों यह पैसा ट्रांसफर किया गया। ईडी का कहना है कि हमारे पास लोगों का बयान है जिन्होंने कहा है कि उन्होंने कार्ति को पैसे दिए हैं क्योंकि कार्ति इस स्थिति में थे कि वह उनका काम करा सकते थे।

ईडी मांगेगी कस्टडी
आरोप है कि कार्ति चिदंबरम ने चेन्नई स्थित आरबीएस बैंक के खाता नंबर 397990 से वरिष्ठ नेता के बैंक खाते में यह पैसा ट्रांसफर किया था। ईडी के अनुसार इंद्राणी मुखर्जी व पीटर मुखर्जी ने इस बात को स्वीकार किया है किउन्होंने कार्ति को 3.1 करोड़ रुपए दिए हैं, ताकि वह उन्हें विदेश से निवेश लेने की अनुमति दिला सके। आपको बता दें कि सीबीआई ने इंद्राणी मुखर्जी के सामने कार्ति चिदंबरम को बैठाकर कई घंटे पूछताछ की है।












Click it and Unblock the Notifications