INX Case: मुझ पर लगे सारे आरोप निराधार और राजनीति से प्रेरित हैं: कार्ति चिदंबरम
नई दिल्ली। आईएनएक्स मीडिया मामले में गिरफ्तार कार्ति चिदंबरम ने रविवार को कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए सभी आरोप निराधार और राजनीति से प्रेरित हैं। कार्ति ने ये बात मुंबई से नई दिल्ली लाए जाने के दौरान संवाददाताओं से कही। आपको बता दें कि पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम के बेटे कार्ति चिदंबरम को सीबीआई ने पिछले हफ्ते चेन्नई एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था। सीबीआई ने उन्हें भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार किया है।

आईएनएक्स मीडिया की मदद का आरोप
गौरतलब है कि इंद्राणी मुखर्जी ने पूछताछ के दौरान बताया था कि उन्होंने अपने पति पीटर मुखर्जी के साथ कार्ति से मुलाकात की थी। यह मुलाकात आईएनएक्स मीडिया में 300 करोड़ रुपए के विदेशी निवेश की अनुमति दिलाने को लेकर थी। कार्ति पर आरोप है कि उन्होंने इंद्राणी मुखर्जी और पीटर मुखर्जी से मिलकर अपने प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए नियमों को ताक पर रखकर इसकी अनुमति हासिल की थी। हालांकि कार्ति और पी चिदंबरम ने आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ यह राजनीति साजिश है।

कोर्ट ने दी है मंगलवार तक की हिरासत
दिल्ली की पटियाला कार्ट ने कार्ति चिदंबरम की मंगलवार तक की हिरासत दी है, सीबीआई ने आरोप लगाया था कि कार्ति पूछताछ में सहयोग नहीं कर रहे हैं, लिहाजा उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत मुहैया कराई जाए, ताकि अन्य आरोपियों के सामने बैठाकर उनसे पूछताछ की जाए। कोर्ट में कार्ति ने अपील की थी कि उन्हें घर का बना खाना खाने की इजाजत दी जाए, लेकिन कोर्ट ने इस मांग को मानने से इनकार कर दिया। हालांकि कोर्ट ने उन्हे दवाएं खाने और मेडिकल चेकअप की इजाजत दी है, साथ ही वह अपने कपड़े भी पहन सकते हैं।

7 घंटे हुई मैराथन पूछताछ
कार्ति चिदंबरम को सीबीआई ने बुधवार को चेन्नई एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था। कार्ति लंदन से बिजनेस ट्रिप से जब लौटे थे, तभी उन्हें चेन्नई एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद उन्हें दिल्ली ले जाया गया था। शुक्रवार को कार्ति से 7 घंटे की मैराथन पूछताछ की गई, सीबीआई ने कार्ती चिंदबरम से सीबीआई मुख्यालय में पूछताछ की थी, इस दौरान कार्ती चिंदबरम के वकील भी सीबीआई मुख्यालय में मौजूद थे।












Click it and Unblock the Notifications