अलीगढ़ में CAA के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान हिंसा, 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवा बंद
अलीगढ़। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ जारी प्रदर्शन के दौरान रविवार को अलीगढ़ में भी हिंसा देखने को मिली। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जबरदस्त झड़प हो गई। इस दौरान हुए पथराव के बीच पुलिस ने आंसू गैस का इस्तेमाल किया। झड़प में कुछ लोगों के घायल होने की खबर है। शहर के हालात बिगड़ते देख प्रशासन ने अगले 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाओं को बंद कर दिया गया है।
इसी बीच, बाबरी मंडी में भी प्रदर्शनकारियों ने मिश्रित आबादी के घरों और मौके पर मौजूद पुलिस पर पथराव किया। इसी दौरान कुछ लोगों ने एक बाइक में आग लगा दी और जमकर ईंट पत्थर फेंके गए। इस दौरान रेलवे रोड, जयगंज, सर्राफा बाजार और अन्य मिश्रित बाजारों में भगदड़ मची रही। पुलिस, पीएसी, दंगा नियंत्रण वाहन और आरएएफ लगातार गश्त कर रहे हैं।
जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने कहा कि सबकुछ सामान्य था। शनिवार को भी जामा मस्जिद के इमाम से बात की गई थी। लेकिन, रविवार को अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी की कुछ छात्राओं ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की है। उनकी पहचान की जा रही है। सार्वजनिक संपति को जो नुकसान हुआ है, उसकी क्षतिपूर्ति उपद्रवियों से की जाएगी।
मेलानिया के स्कूल दौरे पर US Embassy ने कहा- हमें CM केजरीवाल की उपस्थिति से दिक्कत नहीं