G20: पीएम मोदी के सामने बोर्ड पर लिखा था 'भारत', सोशल मीडिया पर हुई वाहवाही, कुछ ने उठाए सवाल
G20 Summit Prime Minister of Bharat Narendra Modi: दिल्ली में हो रहे जी-20 देशों के शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब अपना ओपनिंग भाषण दे रहे थे तो, उस दौरान कई लोगों का ध्यान पीएम मोदी के सामने उनकी मेज पर रखे बोर्ड पर गया। इस बोर्ड पर देश का नाम 'INDIA' की जगह 'भारत' लिखा था।
सोशल मीडिया पर पीएम मोदी के उठाए गए इस कदम की वाहवाही हो रही है। तो वहीं कई लोगों ने बोर्ड पर देश का नाम 'भारत' लिखने के कदम की आलोचना की है। इससे पहले अतीत में ऐसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने रखे बोर्ड पर 'इंडिया' लिखा हुआ करता था।

कुछ दिनों पहले ही ये खबर आई थी कि 18 सितंबर से शुरू हो रहे संसद के विषेश सत्र में केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार इंडिया का नाम सिर्फ भारत करने का प्रस्ताव पेश कर सकती है।
वहीं हाल ही में जी-20 शिखर सम्मेलन के सिलसिले में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा दी जा रही स्पेशल डिनर के निमंत्रण पत्र में भी 'इंडिया' की जगह 'भारत' लिखा था। जिसको लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया था। कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी पार्टियों ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार देश का नाम 'इंडिया' से बदल कर 'भारत' करना चाहती है।
सोशल मीडिया पर ट्रेंड हुआ 'PM of Bharat'
सोशल मीडिया पर कई लोगों ने लिखा है कि, इंडिया नहीं भारत लिखा है मोदी जी के सामने। वहीं सैकड़ों लोगों ने लिखा है कि पीएम मोदी अब इंडिया के नहीं, बल्कि भारत के प्रधानमंत्री हैं। एक यूजर ने लिखा कि, विपक्ष को 'भारत' से परेशानी होगी।
कई लोगों ने उठाए सवाल
एक सोशल मीडिया यूजर ने कहा है कि अनौपचारिक तौर पर देश का नाम बदलने के लिए, पीएम मोदी ने औपचारिक जामा पहनाया है।
एक यूजर ने लिखा कि ये सब देखकर हैरानी नहीं हो रही है क्योंकि प्रधानमंत्री ने संसद के अनुमोदन के बिना ही ये करने का फैसला कर लिया है। वहीं एक यूजर ने कहा कि क्या ये आधिकारिक है, क्या हम अब भारतीय हैं?












Click it and Unblock the Notifications