27 मार्च से 100 प्रतिशत क्षमता के साथ चलेंगी इंटरनेशनल पैसेंजर फ्लाइट्स, सिंधिया ने राज्यसभा में दी जानकारी
नई दिल्ली, मार्च 14। कोविड 19 के कारण पिछले 2 साल से इंटरनेशनल यात्री फ्लाइटों पर लगा बैन अब हटने जा रहा है। नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार को राज्यसभा में बताया कि 27 मार्च से इंटरनेशनल पैसेंजर फ्लाइट्स पर लगे बैन को हटा लिया जाएगा और सेवा फिर शुरू की जाएगी। प्रश्नकाल के दौरान पूछे गए एक सवाल का जवाब देते हुए सिंधिया ने कहा कि 27 मार्च से सभी इंटरनेशनल फ्लाइटों को नियमित रूप से चलाया जाएगा और इसमें 100 प्रतिशत यात्रियों की क्षमता रहेगी। सिंधिया ने बताया कि सरकार ने ये फैसला कोरोना की स्थिति में हुए सुधार को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

23 मार्च 2020 को लगा था 1 हफ्ते का बैन
आपको बता दें कि कोविड महामारी के कारण 23 मार्च, 2020 से इंटरनेशनल फ्लाइट्स पर पाबंदी लागू थी। हालांकि उस वक्त यह बैन एक हफ्ते के लिए लगाया गया था, लेकिन कोरोना काल जैसे-जैसे बढ़ता गया वैसे-वैसे यह प्रतिबंध भी 2 साल के लिए बढ़ गया। हालांकि एयर बबल के तहत जुलाई 2020 से भारत और लगभग 35 अन्य देशों के बीच स्पेशल इंटरनेशनल फ्लाइट का संचालन किया जा रहा था।
अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
अब जब कोरोना महामारी कुछ कम हुई है तो सरकार ने फ्लाइट सेवा को फिर चलाने का फैसला किया है। सरकार के इस कदम से अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है और इससे कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि के कारण बढ़ते हवाई किराए में भी कुछ कमी होने के आसार हैं। आपको बता दें कि सरकार ने पहले 15 मार्च को अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को फिर से शुरू करने की योजना बनाई थी, लेकिन रूस-यूक्रेन युद्ध की वजह से भारतीय को वहां से निकालने के चलते इसे थोड़ा और डिले कर दिया गया था।












Click it and Unblock the Notifications