सिर्फ 1 रुपये शगुन पर शादी करने जा रहीं इंटरनेशनल बॉक्सर पूजा बोहरा, किसके साथ लेंगी 7 फेरे?
इंटरनेशनल बॉक्सर पूजा बोहरा की शादी की चर्चा जोरों पर है। वो इंश्योरेंस कंपनी के प्रशासनिक अधिकारी के साथ सात फेरे लेने जा रहीं।

अंतरराष्ट्रीय स्तर की महिला मुक्केबाज पूजा बोहरा शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं। 22 फरवरी को आकाश नाम के शख्स के साथ 7 फेरे लेंगी। दोनों के परिवार ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं। खास बात तो ये है कि ये शादी सिर्फ एक रुपये के शगुन पर होगी। इस वजह से लोग सोशल मीडिया पर आकाश और पूजा की तारीफ कर रहे हैं।

क्या करते हैं आकाश?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पूजा बोहरा भिवानी की रहने वाली हैं, जिन्होंने कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया। उनकी शादी जींद जिले के गांव बड़छप्पर निवासी आकाश से होने जा रही, जो यूनाइटेड इंडियन इंश्योरेंस में प्रशासनिक अधिकारी हैं। पूजा एक बेहतरीन खिलाड़ी होने के साथ ही सरकारी अधिकारी भी हैं। वो अभी आबकारी एवं कराधान विभाग में इंस्पेक्टर के पद पर सेवा दे रहीं।

2019 में हुई थी मुलाकात
वहीं अपनी लव स्टोरी के बारे में पूजा ने खुलकर बात की है। उन्होंने कहा कि वो 19 अगस्त 2019 को आकाश से फेसबुक पर मिली थीं। पहले तो उनमें दोस्ती हुई, जो कुछ दिनों बाद प्यार में बदल गई। फिर उन्होंने शादी करने की सोची और अपने घर वालों को ये बात बताई। पूजा के मुताबिक इस रिश्ते की खबर मिलते ही उनके घर वाले खुश हो गए और उन्होंने शादी की हामी भर दी।

पिता भी थे खिलाड़ी
पूजा के मुताबिक उनके पिता बहुत अच्छे फुटबाल खिलाड़ी थे, जिससे प्रेरणा लेकर उन्होंने बॉक्सिंग शुरू की। पहले जिला और फिर स्टेट लेवल पर उन्होंने खेला। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। उनके नाम कई खिताब हैं।

कब-कब जीता खिताब?
2010- जूनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में रजत पदक
2012- सीनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक
2013- एशियन चैंपियनशिप में रजत पदक
2013- एशियन गेम्स में कांस्य पदक
2019- एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक
2021- एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक
2021- टोक्यो ओलंपिक में प्रतिनिधित्व किया।












Click it and Unblock the Notifications