IndiGo फ्लाइट क्राइसिस अलर्ट! दिल्ली, मुंबई समेत कई शहरों में दर्जनों फ्लाइट्स रद्द, जानें जरूरी अपडेट्स
IndiGo Flight Cancellations: देश की सबसे बड़ी बजट एयरलाइन इंडिगो (IndiGo) की उड़ानों में गुरुवार, 4 दिसंबर को भी भारी अव्यवस्था देखने को मिली। क्रू की कमी और संशोधित रोस्टर नियमों के चलते कम से कम 150 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। इसका असर 4 दिसंबर को भी जारी रहा, जिससे यात्रियों को घंटों तक हवाई अड्डों पर इंतज़ार करना पड़ा।
दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद और कोलकाता के एयरपोर्ट्स पर यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग अपने बोर्डिंग गेट पर घंटों इंतज़ार करते रहे और कई उड़ानें आखिरी समय में रद्द होने से यात्रियों और एयरलाइन कर्मचारियों के बीच बहस की स्थिति बन गई।

इंडिगो ने क्या कहा?
एयरलाइन ने माफी मांगते हुए यात्रियों को चेतावनी दी कि कैंसिलेशन और देरी का सिलसिला शुक्रवार तक जारी रह सकता है। इंडिगो ने कहा कि स्थिति संभालने के लिए "कैलिब्रेटेड एडजस्टमेंट्स" किए जा रहे हैं और संचालन सामान्य करने में समय लगेगा।
बता दें कि इन शहरों में सबसे अधिक कैंसिलेशन हुए:
- एयरपोर्ट रद्द उड़ानें
- बेंगलुरु 42
- दिल्ली 38
- मुंबई 33
- हैदराबाद 19
- कोलकाता 10
4 दिसंबर को भी जारी रहा संकट
4 दिसंबर को भी इंडिगो यात्रियों की मुश्किलें कम नहीं हुईं। बेंगलुरु एयरपोर्ट से 4 दिसंबर को कुल 73 उड़ानें रद्द कर दी गईं, जिससे सुबह से ही वहां यात्रियों की लंबी कतारें देखने को मिली। वहीं हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर स्थिति और भी चुनौतीपूर्ण रही, जहां 33 आउटबाउंड फ्लाइट्स रद्द हैं, जबकि 35 इनकमिंग उड़ानों के भी रद्द होने की आशंका जताई गई। लगातार दूसरे दिन उड़ानों पर पड़े इस प्रभाव ने हजारों यात्रियों की यात्रा योजनाओं को प्रभावित कर दिया।
4 दिसंबर 2025 को सुबह 10 बजे तक इंडिगो की कई उड़ानें रद्द कर दी गईं। केंपेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा के प्रवक्ता के अनुसार, ऑपरेशनल कारणों की वजह से 41 आगमन और 32 प्रस्थान वाली उड़ानें रद्द करनी पड़ी हैं।
वहीं दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट से जानकारी मिली है कि आज सुबह से ही 33 इंडिगो डिपार्चर (घरेलू और अंतरराष्ट्रीय) उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मुंबई एयरपोर्ट पर भी हालात गंभीर हैं। 4 दिसंबर के लिए इंडिगो ने कुल 85 उड़ानें रद्द करने की योजना बनाई है, जिनमें 41 आगमन और 44 प्रस्थान शामिल हैं। इंडिगो स्टाफ का कहना है कि आगे अगर और उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, तो यात्रियों को समय-समय पर अपडेट दिया जाएगा।
आखिर परेशानी की वजह क्या?
इंडिगो के अनुसार नेटवर्क पर दो दिनों से छाई अफरातफरी के पीछे "अप्रत्याशित परिचालन चुनौतियाँ" हैं। लेकिन सूत्रों के मुताबिक स्थिति इससे भी गंभीर है। असली कारणदूसरे चरण के FDTL (Flight Duty Time Limitations) लागू होने के बाद क्रू की भारी कमी है। क्रू रोस्टरिंग में भी तकनीकी गड़बड़ी के कारण परेशानियां बढ़ गई हैं।
कई एयरपोर्ट्स पर बैकएंड बैगेज सिस्टम में दिक्कतें
सूत्रों का कहना है कि 2 दिसंबर से स्थिति बिगड़नी शुरू हुई थी, लेकिन बुधवार को यह पूरी तरह नियंत्रण से बाहर हो गई। इंडिगो रोज़ाना करीब 2,300 घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें संचालित करता है, इसलिए इतनी बड़ी संख्या में कैंसिलेशन ने यात्रियों को भारी परेशानी में डाल दिया है।












Click it and Unblock the Notifications