डिब्रूगढ़ से कोलकाता जा रही IndiGo फ्लाइट की करवाई इमरजेंसी लैडिंग,वॉशरूम में लिपस्टिक से लिखा मिला ये मैसेज
शनिवार शाम असम के डिब्रूगढ़ हवाई अड्डे से कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे जा रही इंडिगो की उड़ान 6E6894 (A-320) को बम की धमकी के बाद इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। यह धमकी विमान के वॉशरूम में लिपस्टिक से लिखे एक संदेश के रूप में मिली थी। अधिकारियों ने बताया कि विमान 7:37 बजे सुरक्षित उतरा। इसके बाद सभी यात्रियों को उतारकर उसे सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत तुरंत आइसोलेशन बे में ले जाया गया।
यह इंडिगो के लिए एक ही दिन में बम की धमकी का दूसरा मामला था। इससे पहले भी दिन में एक अन्य इंडिगो उड़ान में इसी तरह की घटना सामने आई थी। इन दो घटनाओं ने हवाई अड्डे पर थोड़ी देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया।

दिन की पहली घटना कोलकाता से शिलांग जाने वाली इंडिगो की उड़ान 6E3074 से जुड़ी थी, जिसे सुबह 9:15 बजे उड़ान भरनी थी। यात्रियों के सवार होने के दौरान, चालक दल को विमान के वॉशरूम में एक कागज पर बम की धमकी वाला नोट मिला। इसके बाद यात्रियों को तुरंत उतारकर सुरक्षा जांच के लिए विमान को आइसोलेशन बे में भेजा गया।
एयरपोर्ट निदेशक ने बताया, "कोलकाता हवाई अड्डे से सुबह 9:15 बजे प्रस्थान करने वाली कोलकाता-शिलांग इंडिगो उड़ान 6E3074 में बम की धमकी मिली थी। विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया। बोर्डिंग के दौरान, चालक दल के सदस्यों को विमान के शौचालय में एक कागज मिला, जिसमें विमान के अंदर बम होने की बात कही गई थी। यात्रियों को तुरंत हटा दिया गया और जांच प्रक्रिया जारी है।"












Click it and Unblock the Notifications