अब 4 नहीं 24 घंटे पहले पता चलेगा टिकट कन्फर्म हुआ या नहीं? Indian Railway ने बदला वेटिंग लिस्ट का नियम
Indian Railway: अब ट्रेन में सफर करने वालों के लिए एक राहत की खबर है। रेलवे ने यात्रियों की परेशानी को समझते हुए एक नया कदम उठाया है। पहले जहां वेटिंग लिस्ट का चार्ट सफर से बस 4 घंटे पहले बनता था, अब वो पूरे 24 घंटे पहले तैयार किया जाएगा। यानी अब आपको आखिरी वक्त तक कन्फर्म टिकट के इंतज़ार में नहीं बैठना पड़ेगा। पहले से ही पता चल जाएगा कि आपकी सीट पक्की हुई या नहीं। इससे न सिर्फ आपकी प्लानिंग आसान होगी, बल्कि अगर ज़रूरत हो तो आप समय रहते कोई दूसरा इंतजाम भी कर पाएंगे।
6 जून को नई पहल की शुरुआत
इस नई व्यवस्था की शुरुआत रेलवे ने सबसे पहले बीकानेर डिवीजन की एक ट्रेन में 6 जून से ट्रायल के तौर पर की थी। शुरू के ही चार दिनों में इसके अच्छे नतीजे देखने को मिले। अब लोगों को पहले ही पता चल जाता है कि उनका टिकट कन्फर्म होगा या नहीं। इससे उन्हें समय रहते दूसरा इंतजाम करने का मौका मिल जाता है ना कि आखिरी वक्त में परेशान होना पड़ता है।

व्यस्त मार्गों पर होगा विस्तार
बीकानेर में सफल परीक्षण के बाद अब इस पहल को देश के अन्य व्यस्त मार्गों पर लागू किया जाएगा। इसमें दिल्ली से उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र और गुजरात जैसे राज्यों के मार्ग शामिल हैं, जहां आमतौर पर वेटिंग लिस्ट बहुत लंबी होती है।
अतिरिक्त कोच और क्लोन ट्रेन चलाने की योजना
रेल मंत्री की बीकानेर यात्रा के दौरान रेलवे अधिकारियों ने यह प्रस्ताव रखा था, जिसे तुरंत मंजूरी मिल गई। अधिकारियों का कहना है कि एक दिन पहले चार्ट तैयार करने से रेलवे को अतिरिक्त कोच जोड़ने और क्लोन ट्रेनें चलाने की योजना बनाने का समय मिलेगा।
यात्रियों की समस्याएं होंगी कम
फिलहाल चार्ट आखिरी समय में तैयार होता है, जिससे यात्रियों को परेशानी होती है और रेलवे के पास अतिरिक्त कोच जोड़ने या अन्य उपाय करने का पर्याप्त समय नहीं रहता। इसके अलावा, औसतन 21% यात्री टिकट कन्फर्म होने के बाद अपनी बुकिंग रद्द कर देते हैं और 4-5% यात्री यात्रा नहीं करते। चार्ट एक दिन पहले तैयार करने से रेलवे को वास्तविक यात्रियों की संख्या का बेहतर अनुमान लग सकेगा।












Click it and Unblock the Notifications