Indian Railways: नवरात्रि में इन सभी ट्रेनों में उपलब्ध है 'व्रत की थाली', IRCTC का मेन्यू और प्राइस लिस्ट
नई दिल्ली, 3 अप्रैल: अगर आप नवरात्रि का व्रत कर रहे हैं और आपको ट्रेनों से लंबी दूरी की यात्रा करनी है तो निश्चिंत हो जाइए। आपको ट्रेनों में भी व्रत का सात्विक खाना मिलेगा और आप बिना किसी टेंशन की अपनी यात्रा का प्लान जारी रख सकते हैं। आईआरसीटीसी यह सुविधा नवरात्रि के दौरान टिकट बुकिंग के दौरान भी दे रही रही है या फिर आप ट्रेन में भी खाना बुक कर सकते हैं और अगले स्टेशन पर आपके पास व्रत में खाने लायक मनचाहा खाना उलपब्ध होगा। भारतीय रेलवे के कई ट्रेनों में यह सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है, जिसमें उपवास करने वालों की आस्था को देखते हुए शुद्धता का पूरा ख्याल रखा जा रहा है।

नवरात्रि में ट्रेनों में भी उपलब्ध है व्रत का खाना
इस साल पवित्र चैत्र नवरात्रि 2 अप्रैल यानी शनिवार से ही शुरू हो चुकी है। इस मौके पर आईआरसीटीसी ने ट्रेन यात्रियों को सफर के दौरान व्रत का खाना मुहैया करवाने के लिए खास व्यवस्था की है। बता दें कि नवरात्रि के दौरान पूरे 9 दिनों तक श्रद्धालु उपवास में रहते हैं वह व्रत के खाने या फलाहार का ही सेवन करते हैं। लेकिन, लंबी यात्रा के दौरान उन्हें शुद्ध व्रत का खाना मिलना मुश्किल होता है, इसलिए सफर के दौरान होने वाली दिक्कतों को दूर करने लिए भारतीय रेलवे की लंबी दूरी की कुछ ट्रेनों में उपवास पर चल रहे यात्रियों के लिए भोजने की खास व्यवस्था की गई है।

ट्रेनों में भी मंगवा सकते हैं फलाहारी खाना
इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन ने ट्रेनों में व्रत के खाना वाले टिकट की बुकिंग पिछले 28 मार्च से ही शुरू कर रखा है और यह पूरे नवरात्रि तक उपलब्ध रहेगा। जो यात्री इस दौरान अपना टिकट बुक कर रहे हैं, वह बुकिंग के समय ही अपनी व्रत की थाली का ऑर्डर दे सकते हैं। अगर आपने पहले खाने का ऑर्डर नहीं दिया है तो ट्रेनों में व्रत का खाना ई-कैटरिंग या 1323 पर कॉल करके भी मंगवाया जा सकता है। इसके लिए आपको अपने टिकट का पीएनआर नंबर बताना होगा। व्रत की थाली में प्याज और लहसुन का इस्तेमाल कतई नहीं किया जाता है। यही नहीं अगर इस खाने में नमक का इस्तेमाल किया भी जाता है तो वह सामान्य नमक नहीं, सेंधा नमक होता है। खाने का ऑर्डर देने के बाद अगले स्टेशन पर खाना आपकी सीट तक पहुंचा दिया जाएगा।

ट्रेनों में व्रत की थाली का मेन्यू
यात्रियों को ट्रेनों में आईआरसीटीसी की ओर से जो व्रत का मेन्यू उपलब्ध करवाया जाएगा उनमें ये डिश शामिल हैं-
आलू चाप
साबूदाना टिक्की
कुटू के पकौड़े
पनीर मखमली
साबूदाना खिचड़ी नवरात्रि थाली
मूंगफली आलू पराठा
अरबी मसाला
कोफ्ता करी
दही और साबूदाना खिचड़ी
सब्जी और पूरी
सीताफल खीर
ड्राई फ्रूट्स खीर
दूध से बनी मिठाई
चाय
लस्सी
जूस
(व्रत की थाली की तस्वीर-सांकेतिक)

व्रत के खाने की प्राइस लिस्ट
आईआरसीटी के मुताबिक व्रत का ये खाना 500 ट्रेनों में उपलब्ध करवाया जा रहा है, जिनमें राजधानी एक्सप्रेस, शताब्दी एक्सप्रेस और दुरंतो एक्सप्रेस जैसी प्रीमियम रेल गाड़ियां भी शामिल हैं। यह खाना सिर्फ यात्रियों को ट्रेनों में ही दिया जा रहा है, रेलवे स्टेशनों पर मौजूद स्टॉल पर यह सुविधा उपलब्ध नहीं है। आईआरसीटी ने व्रत की थालियों की कीमत 99 रुपये से लेकर 225 रुपये तक रखी है। वहीं आलू चाप-140 रुपये, साबूदाना टिक्की-120 रुपये और सीताफल की खीर 100 रुपये में उपलब्ध है।

10 अप्रैल को होगी राम नवमी
बता दें कि इसबार चैत्र नवरात्रि पूरे 9 दिनों तक है और अगले रविवार यानी 10 अप्रैल को राम नवमी के दिन इस महाव्रत का नौवां दिन पूर्ण हो रहा है। जो यात्री आखिरी दिन तक भी उपवास में रहते हैं, उन्हें उस दिन तक ट्रेनों में आईआरसीटीसी की ओर से सेंधा नमक वाला बिना प्याज-लहसुन वाले खाने के साथ फलाहार उपलब्ध करवाया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications