'इन बच्चों का भविष्य बिगाड़ने के लिए नहीं हैं हम', Indian Idol को लेकर छलका सोनू निगम का दर्द
इंडियन आइडल को लेकर सोनू निगम ने कहा कि ऐसा करने से तो उभरते हुए सिंगर गुमराह होंगे...
मुंबई, 17 जुलाई: सिंगिंग रिएलिटी शो इंडियन आइडल के 12वें सीजन के ग्रैंड फिनाले की तारीख तय हो गई है और 15 अगस्त को फाइनल हो जाएगा कि अगला इंडियन आइडल कौन है। आशीष कुलकर्णी के शो से बाहर होने के बाद अब इंडियन आइडल में टॉप 6 कंटेस्टेंट बचे है, जिनके बीच ट्रॉफी के लिए आने वाले दिनों में कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। इस बीच शो को लेकर विवाद भी लगातार जारी हैं। हाल ही में महान सिंगर किशोर कुमार के बेटे अमित कुमार के बचाव में उतरे सोनू निगम ने अब इंडियन आइडल को लेकर एक और बड़ा बयान दिया है। सोनू निगम ने अपने बयान में शो के जजों पर निशाना साधा है।
Recommended Video

'हमेशा वाह-वाह करोगे तो कैसे होगा'
ईटी टाइम्स को दिए इंटरव्यू में सोनू निगम ने कहा कि रिएलिटी शो के जजों को कंटेस्टेंट की खुलकर तारीफ करने से बचना चाहिए, क्योंकि इससे उभरते हुए गायक गुमराह होते हैं। सोनू निगम ने कहा, 'एक जज के तौर पर हम यहां कंटेस्टेंट को कुछ सिखाने के लिए हैं। शो में हिस्सा लेने वाले कंटेस्टेंट को हमें पूरी ईमानदारी के साथ अपना फीडबैक देना चाहिए। हमेशा उनकी तारीफ ही करने से उन्हें कोई फायदा नहीं होगा। हमेशा वाह-वाह करोगे तो कैसे होगा।'

'ऐसे तो कंटेस्टेंट भी नहीं समझ पाएंगे कि क्या सही है'
सोनू निगम ने आगे कहा, 'हम यहां इन बच्चों का भविष्य खराब करने के लिए नहीं हैं। अगर हम हमेशा ही उनकी तारीफ करेंगे तो कंटेस्टेंट भी नहीं समझ पाएंगे कि उन्होंने कब अच्छा परफॉर्म किया है और कब उन्हें उसमें सुधार करने की जरूरत है।' आपको बता दें कि ये पूरा विवाद उस वक्त शुरू हुआ, जब किशोर कुमार को श्रद्धांजलि देने के लिए एक विशेष एपिसोड रखा गया और उसमें गेस्ट के तौर पर उनके बेटे अमित कुमार शामिल हुए। शो के बाद अमित कुमार ने एक इंटरव्यू में कहा कि उन्हें शो के निर्माताओं ने अपनी राय से अलग सभी कंटेस्टेंट की तारीफ करने के लिए कहा था।

'पहले पैसे लेकर शो में आते हैं और फिर...'
अमित कुमार के इस बयान को लेकर सबसे पहले शो के होस्ट आदित्य नारायण ने तीखी प्रतिक्रिया दी और इसके बाद म्यूजिक कंपोजर मनोज मुंतशिर ने भी उनके इस स्टेटमेंट पर जवाब दिया। मनोज मुंतशिर ने कहा कि अगर अमित कुमार को आपत्ति थी, तो फिर वो शो में शामिल ही क्यों हुए। यही नहीं, मनोज मुंतशिर ने यह भी कहा कि अमित कुमार पहले पैसे लेकर शो में जाते हैं और फिर बाहर आकर शो की बुराई करते हैं।

'अमित कुमार खामोश हैं तो इसका मतलब ये नहीं कि...'
इसके बाद सोनू निगम अमित कुमार के बचाव में उतरे और कहा कि कुछ लोग उनकी खामोशी का फायदा उठा रहे हैं। सोनू निगम ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए कहा, 'कोई भी सिंगर किशोर कुमार के गानों को उनकी तरह नहीं गा सकता। उनके बेटे अमित कुमार एक बड़े आदमी हैं और उन्होंने म्यूजिक इंडस्ट्री को काफी कुछ दिया है। वो कभी किसी के बारे में कुछ गलत नहीं कहते और ना ही कभी ज्यादा बोलते हैं। अगर वो खामोश हैं, तो लोगों को उनकी इस खामोशी का नाजायज फायदा नहीं उठाना चाहिए।'

'शायद इसीलिए मैं आज किसी शो का जज नहीं हूं'
गौरतलब है कि अमित कुमार के इस बयान के बाद से ही इंडियन आइडल को लेकर विवादों का सिलसिला शुरू हो गया। शो के अलग-अलग सीजन में जज की भूमिका निभा चुके कई सिंगर्स ने इंडियन आइडल को लेकर कुए ऐसे बयान दिए, जिनसे विवादों को हवा मिली। हाल ही में म्यूजिक कंपोजर और सिंगर सलीम मर्चेंट ने भी अमित कुमार का समर्थन करते हुए कहा कि जजों से कंटेस्टेंट की तारीफ करने के लिए कहना कोई पहली बार नहीं है। सलीम मर्चेंट ने कहा कि शायद यही वजह है कि वो आज किसी भी शो को जज नहीं कर रहे, क्योंकि उन्होंने शो के प्रोड्यूसर्स की ऐसी बातें नहीं मानी।

आशीष कुलकर्णी को लेकर भी उठे फैसले पर सवाल
बीते रविवार को आशीष कुलकर्णी जब शो से बाहर हुए तो उस वक्त भी विवाद हुआ और फैंस ने सोशल मीडिया पर अपना गुस्सा जाहिर किया। दरअसल, आशीष कुलकर्णी और शनमुखप्रिया डेंजर जोन में थे, जहां आशीष को शनमुखप्रिया के मुकाबले कम वोट मिलने की वजह से इंडियन आइडल से बाहर होना पड़ा। आशीष के बाहर होने के बाद ना केवल उनके फैंस, बल्कि शो के जज मनोज मुंतशिर ने भी हैरानी जताई। मनोज मुंतशिर ने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि आशीष कुलकर्णी टॉप 3 में अपनी जगह बनाएंगे, लेकिन उनके बाहर होने से वो निराश हैं।

बाहर होने के बाद खुद आशीष ने क्या कहा?
इंडियन आइडल से बाहर होने के बाद हालांकि आशीष कुलकर्णी ने शो के फैसले का समर्थन किया। इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक, आशीष कुलकर्णी ने कहा, 'इंडियन आइडल एक सिंगिंग कंपटीशन है, जहां केवल एक सिंगर ही विनर बनता है। मुझे इंडियन आइडल से इतना प्यार और समर्थन मिला कि अब मैं अपनी सिंगिंग को लेकर और जिम्मेदार हो गया हूं। अब मैं कभी नहीं चाहूंगा कि अपने फैंस को निराश करूं। आज मैं किसी चीज से नहीं डरता, मेरे अंदर की सारी हिचक निकल गई है और इसका श्रेय अगर किसी को है, तो वो इंडियन आइडल ही है।

अमित कुमार को लेकर क्या बोले आशीष?
किशोर कुमार के बेटे अमित कुमार के बयान के बाद से इंडियन आइडल लगातार विवादों में बना रहा। आशीष कुलकर्णी से जब अमित कुमार को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि सभी कंटेस्टेंट ने उनकी राय को एक सलाह के तौर पर ही लिया। आशीष ने बताया, 'हम में से किसी ने भी अमित कुमार की बातों का बुरा नहीं माना, क्योंकि वो एक महान सिंगर हैं। वो अगर हमें कुछ फीडबैक दे रहे हैं, तो हमें भी उसे समझते हुए अपनी परफॉर्मेंस में सुधार करने की एक गुंजाइश के तौर पर लेना चाहिए।'

इंडियन आइडल के टॉप-6 में कौन-कौन सिंगर हैं
आशीष कुलकर्णी के इंडियन आइडल से बाहर होने के बाद 6 कंटेस्टेंट ही शो में बचे हैं, जिनमें शनमुखप्रिया, सायली कांबले, अरुणिता कांजीलाल, मोहम्मद दानिश, पवनदीप राजन और निहाल टॉरो का नाम शामिल है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इंडियन आइडल का ग्रैंड फिनाले 15 अगस्त को टेलेकास्ट होगा और ये करीब 12 घंटे का एक बड़ा ऐपिसोड हो सकता है। इसके अलावा शो में कई बड़े सेलिब्रिटीज के शामिल होने की भी संभावनाएं जताई जा रही हैं। हालांकि शो के निर्माताओं की तरफ से अभी इस बारे में कोई पुख्ता जानकारी नहीं दी गई है।
ये भी पढ़ें- नए विवाद में घिरे Indian Idol के मोहम्मद दानिश, फिनाले से पहले कर बैठे एक 'बड़ी गलती'










Click it and Unblock the Notifications