'... वो कभी भी लड़ना नहीं चाहते हैं', पत्नी का मैसेज सुन Indian Idol के सेट पर हिमेश हुए इमोशनल
मुंबई, 13 जून: सिंगर और कंपोजर हिमेश रेशमिया ने शुक्रवार को अपने एल्बम सुरूर 2021 का टाइटल सॉन्ग रिलीज किया, जो उनके पहले एल्बम आप का सुरूर (2006) का सीक्वल है। इस एल्बम के बाद शनिवार की रात इंडियन आइडल 12 के मंच पर हिमेश के लिए काफी खास रही, जहां पर उन्होंने अपने कई गानों को दोबारा से गाया। इस मौके पर उनकी पत्नी ने एक स्पेशल मैसेज भेजकर उस रात को और ज्यादा खास बना दिया।

कभी नहीं लड़ते हिमेश
अपने मैसेज में सोनिया कपूर ने कहा कि हिमेश आई लव यू। एक पति के रूप में मैं तुम्हे 10 में से 11 नंबर दूंगी। अगर आप हिमेश से लड़ना चाहते हैं, तो ये हो नहीं सकता, क्योंकि वो कभी भी लड़ना नहीं चाहते हैं। वो मेरे लिए गाना गाता है, साथ ही कई स्पेशल गाने मेरे लिए बनाता है, जो मुझे बहुत खास महसूस कराता है। उन्होंने आगे कहा कि जिन चीजों को हम व्यक्त नहीं कर सकते, हिमेश उन्हें अपने संगीत के माध्यम से इतनी आसानी से व्यक्त करते हैं। यही चीज मुझे उनकी सबसे ज्यादा पसंद है।

आंखों में आ गए आंसू
सोनिया के मुताबिक वो बहुत ही खुशकिस्मत हैं, जो हिमेश उनकी जिंदगी में आए। वो ही उनके लिए भगवान का सबसे बड़ा आशीर्वाद हैं। सोनिया का ये मैसेज सुनकर हिमेश भावुक हो जाते हैं, लेकिन कुछ ही देर में खुद को कंट्रोल कर लेते हैं और फिर अपने हंसी मजाक वाले अंदाज में आ जाते हैं। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि मैं हमेशा गलत हूं और वो हमेशा सही रहती है। वो मुझे बहुत डांटती है।
ये सीजन सबसे ज्यादा विवादित
आपको बता दें कि इंडियन आइडल का 12वां सीजन सबसे ज्यादा विवादित दिख रहा है। कुछ दिनों पहले किशोर कुमार के बेटे अमित कुमार ने शो के मेकर्स पर जबरदस्ती तारीफ करवाने का आरोप लगाया था। उनके बाद अब अभिजीत भट्टाचार्य ने शो को लेकर बड़ा बयान दिया है, जो हाल ही में स्पेशल गेस्ट के तौर पर वहां गए थे। उन्होंने कहा कि जब इंडियन आइडल के क्रिएटिव डायरेक्टर ने मुझसे बात की तो मैंने कह दिया था कि वो काम नहीं मांग रहे हैं, लेकिन कम से कम उन्हें वो पोजिशन चाहिए जो वह डिजर्व करते हैं। हम जैसे लोग जज बनने के लायक हैं। ये उन लोगों को जज बना रहे हैं जिन्होंने पूरे करियर में चार गाने गाए हैं।












Click it and Unblock the Notifications