चीनी सैनिकों के साथ झड़प पर भारत ने कही बड़ी बात
लदाख में भारत और चीन की सेना के बीच विवाद की भारत सरकार ने की पुष्टि, विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस तरह की हरकतें शांति प्रक्रिया को नहीं बढ़ाती हैं।
नई दिल्ली। एक तरफ जब देश 71वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा था तो भारत और चीन के बीच पेंगोंग पर एक दूसरे के साथ विवाद चल रहा था। मीडिया में खबरें आईं थी कि लद्दाख के पेंगोंग झील के पास चीन की ओर से पत्थरबाजी की गई है। हालांकि कुछ लोगों ने इन खबरों से इनकार किया था, लेकिन अब भारत सरकार ने इस घटना की पुष्टि की है। भारत सरकार की ओर से जो बयान जारी किया गया है उसमे कहा गया है कि पेंगोंग के पास भारत और चीन के सैनिकों के बीच टकराव हुआ था। इसके साथ ही सरकार की ओर से इस बात को दोहराया गया है कि वह बीजिंग से डोकलाम विवाद पर आपसी सहमति के आधार पर विवाद को सुलझाने की कोशिश करेगा।
Recommended Video

इसे भी पढ़ें- डोकलाम विवाद पर चीन ने जापान को दिया जवाब, भारत पर लगाए आरोप

इस तरह की घटना शांति प्रक्रिया में बाधक
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार से जब जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि क्या पत्थरबाजी की घटना हुई थी तो उन्होंने कहा कि मैं इस बात की पुष्टि कर सकता हूं कि 15 अगस्त को पेंगोंग झील के पास घटना हुई थी। साथ ही उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं शांति को बढ़ावा नहीं देती है, यह घटनाएं दोनों ही देशों के लिए सही नहीं हैं।

डोकलाम विवाद पर आपसी सहमति बनाने की कोशिश
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि लदाख में नाथूला के पास पिछले दो हफ्तों में दोनों देशों की सेनाओं के बीच बैठक हो चुकी है। वहीं डोकलाम विवाद की मौजूदा स्थिति के बारे में रवीश कुमार ने बताया कि यह संवेदनशील मुद्दा है, हम इस मुद्दे पर चीन के साथ आपसी बातचीत जारी रखेंगे और ऐसा समाधान निकालने की कोशिश करेंगे जो दोनों देशों को स्वीकार हो। सीमा पर शांति दोनों देशों के आपसी संबंधों के लिए बेहतर हैं। हालांकि जब उनसे पूछा गया कि कबतक डोकलाम विवाद सुलझ जाएगा तो उन्होंने हल्के अंदाज में कहा कि मैं कोई ज्योतिष नहीं हूं, जो भविष्य की बात बता सकूं।

प्रोपोगेंडा वीडियो को किया खारिज
इसके साथ ही जब विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता से चीन के कथित विवादित वीडियो के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मैं इसपर टिप्पणी करके इसकी महत्ता को नहीं बढ़ाउंगा। इस वीडियो को चीन की सरकारी मीडिया एजेंसी जिन्हुआ ने साझा किया है, जिसमें भारत का मजाक उड़ाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications