Indian Army: सेना में 1 लाख अग्निवीरों की फौज तैयार, इस साल कितनी भर्तियां होंगी? सबकुछ जानिए
Agniveer Recruitment in Indian Army: अग्निवीरों की भारतीय सेना में अबतक हुई नियुक्तियों और भविष्य की रिक्तियों को लेकर इंडियन आर्मी की ओर से रविवार को कई बड़ी जानकारियां साझा की गई हैं।
भारतीय सेना की ओर से अग्निवीरों की भर्तियों को लेकर रविवार को इंडियन आर्मी के एडजुटेंट जनरल लेफ्टिनेंट जनरल सीबी पोन्नप्पा ने कहा है कि अबतक लगभग 1 लाख अग्निवीर सेना में शामिल हो चुके हैं।

लभगभ 1 लाख अग्निवीर सेना में शामिल
लेफ्टिनेंट जनरल पोन्नप्पा ने कहा है कि जब से जून 2022 से यह योजना लागू की गई और हम ने दिसंबर 2022 और जनवरी 2023 में पहले बैच की भर्ती की थी, अबतक 'करीब 1 लाख अग्निवीर सेना में शामिल हो चुके हैं। इनमें लगभग 200 महिलाएं भी शामिल हैं, करीब 70,000 को पहले ही यूनिट्स में भेजा जा चुका है और वहां वे बटालियनों में बहुत ही अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। इनमें करीब 100 महिला पुलिस भी शामिल हैं।'
इस साल 50,000 अग्निवीरों की भर्तियों के लिए प्रक्रिया शुरू
भारतीय सेना की ओर से बताया गया है कि इस साल यानी चालू वित्त वर्ष 2024-25 में करीब 50,000 रिक्तियां जारी होने जा रही हैं। मतलब, इतने अग्निवीरों की भर्ती का रास्ता साफ हो चुका है। उन्होंने बताया कि भर्ती की प्रक्रिया चल रही है।
सामान्य सैनिकों की तरह ऑपरेशनल और प्रोफेशनल ड्यूटी में लगे हैं अग्निवीर
भारतीय सेना ने एक और बड़ी जानकारी ये दी है कि ये अग्निवीर सभी तरह के ऑपरेशनल और प्रोफेशनल ड्यूटी को उसी तरह से निभा रहे हैं, जैसे कि जमीन पर कोई अन्य सिपाही या सिपॉय रिक्रूट्स निभाता है।
उनके मुताबिक ये अग्निवीर पूरी तरह से अपने अपनी यूनिट में एकीकृत और समाहित हो चुके हैं। वह वही यूनिफॉर्म पहनते हैं और समान ड्यूटी निभाते हैं।
पूर्व अग्निवीरों के लिए भी भर्ती का बढ़ता जा रहा है दायरा
इससे पहले पूर्व अग्निवीरों के लिए सीआईएसएफ और बीएसएफ की ओर से विशेष भर्ती लाभ देने की घोषणाएं की गई हैं। सीआईएसएफ की डायरेक्टर जनरल नीना सिंह ने कहा कि पूर्व अग्निवीरों की नियुक्तियों के लिए सारी तैयारियां हो चुकी हैं।
सीआईएसएफ में पूर्व अग्निवीरों के लिए 10% पद आरक्षित- डीजी नीना सिंह
उन्होंने कहा, 'सीआईएसएफ ने पूर्व अग्निवीरों की नियुक्तियों के लिए सारे प्रबंध कर लिए हैं। कॉन्सटेबल के 10 फीसदी पद उनके लिए आरक्षित की गई हैं और उन्हें शारीरिक दक्षता परीक्षण (Physical Efficiency Test) में भी राहत दी जाएगी।' उन्होंने बताया है कि पहले बैच वालों को भर्तियों के दौरान उम्र में 5 साल की और उसके बाद 3 साल की रियायत भी दी जाएगी।
उत्तराखंड सरकार ने भी विभिन्न विभागों में आरक्षण देने का किया एलान
इस बीच न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी एलान किया है कि देश की सेवा करके लौटने वाले प्रदेश के अग्निवीरों को राज्य के विभिन्न विभागों में जगह दी जाएगी और इसके लिए आरक्षण का भी प्रावधान किया जाएगा।
उत्तराखंड में अग्निवीरों की भर्ती के लिए कानून लाने की भी तैयारी
सीएम धामी ने कहा कि जब अग्निवीर योजना लॉन्च हुई थी तभी उन्होंने इस संबंध में सेना के अफसरों, पूर्व अफसरों, जवानों और अन्य लोगों के साथ बैठक की थी। उन्होंने 14 जून, 2022 को ही ट्विटर पर अग्निवीरों को पुलिस और अन्य विभागों में नियुक्तियों के दौरान प्राथमिकता देने की बात कही थी।
मुख्यमंत्री धामी का कहना कि अगर जरूरत हुई तो अग्निवीरों को समायोजित करने के लिए कानून बनाने का प्रस्ताव भी कैबिनेट में लाया जाएगा और विधानसभा के सामने रखा जाएगा। बता दें कि हरियाणा सरकार ने भी इसी तरह से पूर्व अग्निवीरों के लिए आरक्षण की घोषणा की है।












Click it and Unblock the Notifications