गुरेज सेक्टर में घुसपैठ की कोशिश नाकाम, एक आतंकी ढेर, चार दिन में मारे गए 14 आतंकी
श्रीनगर। शनिवार को जम्मू कश्मीर के गुरेज सेक्टर में सेना ने घुसपैठ की एक और कोशिश को नाकाम किया है। पीटीआई की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक सेना ने इस दौरान एक आतंकी को मार गिराया है और इसके पास से भारी मात्रा में हथियार बरामद हुए हैं। पिछले चार दिनों में सेना ने एलओसी पर घुसपैठ कर रहे 14 आतंकियों को मार गिराया है।

पाकिस्तान सेना कर रही मदद
गुरेज सेक्टर नॉर्थ कश्मीर के बांदीपोर के तहत आता है। एक अधिकारी की ओर से बताया गया है कि एलओसी पर तैनात जवानों को आतंकियों की गतिविधियों का अहसास हुआ और फिर उन्होंने फायरिंग शुरू की। इस फायरिंग में एक आतंकी मार गिराया गया। नॉर्थ कश्मीर सेना ने इस नई घटना को मिलाकर पिछले चार दिनों में 14 आतंकवादियों को मार गिराया है। नौगाम में हुए एक एनकाउंटर में सेना का एक जवान भी शहीद हो चुका है। गुरुवार को सेना के एक प्रवक्ता की ओर से जानकारी दी गई थी कि पाकिस्तान आर्मी की ओर से एलओसी आतंकियों की घुसपैठ की कई कोशिशें की जा रही है। आतंकी चार दिनों में कुपवाड़ा के नौगाम और माछिल के अलावा बांदीपोर के गुरेज और बारामूला के उरी सेक्टर से घाटी में दाखिल होने की कोशिशें कर चुके हैं। घुसपैठ की चारों कोशिशों में पाकिस्तान सेना की ओर से आतंकियों को सपोर्ट मिला है। सेना की नॉर्दन कमांड की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि पाक सेना की आतंकियों की मदद के लिए कवर फायर मुहैया करा रही है।
शुक्रवार को मारे छह आतंकी
उरी सेक्टर में शुक्रवार को सेना ने छह आतंकियों को मारा था। उरी सेक्टर में इस एनकाउंटर के साथ ही सेना ने 15 दिनों के अंदर नॉर्थ कश्मीर के जरिए होने वाली घुसपैठ की आठ कोशिशों को फेल किया है। अकेले उरी सेक्टर से घुसपैठ की तीन कोशिशें हुई थीं। 22 जनवरी से लेकर अब तक एलओसी पर घुसपैठ की 22 कोशिशें हो चुकी हैं और इनमें हथियारों से लैस 34 आतंकवादियों को मारा गया है। एलओसी पर इस समय सर्विलांस के लेटेस्ट इक्विमेंट्स इंस्टॉल किए गए हैं और सुरक्षा व्यवस्था को तीन स्तरीय किया गया है। अधिकारिक अनुमान के मुताबिक करीब से 25 से 35 आतंकी नॉर्थ कश्मीर में अपने बेस तक पहुंचने में सफल हो चुके हैं। सेना ने इसके लिए पाकिस्तान को दोषी ठहराया है और कहा है कि सीमा पार से घुसपैठ की कोशिशें लगातार जारी हैं।












Click it and Unblock the Notifications