पहले आर्मी बोर्ड का रिजल्ट जारी, 49 फीसदी महिला अधिकारियों को मिलेगा स्थाई कमीशन
नई दिल्ली। महिला अधिकारियों को स्थाई कमीशन देने के लिए बनाए गए पहले बोर्ड का रिजल्ट इंडियन आर्मी की तरफ से जारी कर दिया गया। रिजल्ट के मुताबिक सेना की लगभग 49 फीसदी महिला अधिकारी सेवा में बरकरार रहेंगी। सेना के सूत्रों ने बताया कि कुल 615 महिला अधिकारियों को परमानेंट कमीशन दिए जाने पर बोर्ड विचार कर रहा था। इनमें से करीब 320 महिला अधिकारी 20 साल की सर्विस के बाद रिटायर होंगी। इन्हें पेंशन भी मिलेगी।

आपको बता दें कि सेना ने करीब 4 महीने पहले महिला ऑफिसर्स को परमानेंट कमीशन देने का आदेश जारी किया था। इस फैसले के बाद, महिलाओं को सेना की सभी 10 स्ट्रीम- आर्मी एयर डिफेंस, सिग्नल, इंजीनियर, आर्मी एविएशन, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड मैकेनिकल इंजीनियर, आर्मी सर्विस कॉर्प, इंटेलीजेंस, जज, एडवोकेट जनरल और एजुकेशनल कॉर्प में परमानेंट कमीशन मिलने का रास्ता खुल गया था।
स्थाई कमीशन के बारे में आपको बता दें कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले से पहले 14 साल तक शॉर्ट सर्विस कमीशन में सेवा दे चुके पुरुषों को यह विकल्प मिलता था। महिलाओं को ये हक नहीं था। वहीं वायु सेना और नौ सेना में महिलाओं को पहले से ही स्थाई कमीशन मिल रहा है। आर्मी में शॉर्ट सर्विस कमीशन में महिलाएं 14 साल तक सर्विस के बाद रिटायर हो जाती हैं। अब वे स्थायी कमीशन के लिए अप्लाई कर सकती हैं। सेलेक्ट होने वाली महिला अफसर आगे सर्विस जारी रख सकती हैं। वे सर्विस पूरी होने पर रैंक के हिसाब से ही रिटायर होंगी।












Click it and Unblock the Notifications