3.60 लाख करोड़ की हो रही मेगा डील, 2032 तक 176 राफेल के साथ भारत देगा फ्रांस को टक्कर

12 फरवरी 2026 को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में Defence Acquisition Council (DAC) ने कुल 3.60 लाख करोड़ रुपये के हथियार खरीद प्रस्तावों को मंजूरी दी। इनमें 3.25 लाख करोड़ रुपये की 114 राफेल लड़ाकू विमानों की मेगा डील भी शामिल है, जो भारत की वायु शक्ति को नई ऊंचाई देने वाली है।
F-5 राफेल छठी पीढ़ी का जेट
यूरोपीय मानकों पर F-5 राफेल वास्तव में छठी पीढ़ी का जेट होगा। ये विमान फ्रांस के बाद भारतीय वायुसेना के सबसे उन्नत विमान होंगे। F-5 अभी विकास अधीन है। F-4 राफेल की आपूर्ति 2028-29 में शुरू होगी, और 2030 के बाद मिलने वाले सभी विमान F-5 श्रेणी के होंगे।
114 राफेल का 80% निर्माण भारत में होगा
इस समझौते के तहत 18 राफेल विमान सीधे फ्रांस की कंपनी Dassault Aviation से आएंगे, जबकि 96 जेट भारत में ही निर्मित किए जाएंगे। इसका अर्थ है कि लगभग 80% उत्पादन देश के भीतर होगा, जिससे 'मेक इन इंडिया' और रक्षा आत्मनिर्भरता को बड़ा बढ़ावा मिलेगा।
भारत अभी तक कितने राफेल खरीद चुका है?
भारत ने 2016 में 36 राफेल विमानों की खरीद की थी। ये सभी विमान हरियाणा के अंबाला और पश्चिम बंगाल के हासिमारा स्थित दो स्क्वाड्रनों में तैनात हैं। इसके अलावा अप्रैल 2025 में भारतीय नौसेना के लिए 26 मरीन राफेल का 7.4 बिलियन डॉलर का सौदा हुआ। पहला मरीन राफेल 2028 तक मिलने की उम्मीद है।
2032 तक 176 राफेल खरीदने का है लक्ष्य
वर्तमान और नई खरीद को मिलाकर 2032 तक भारत के पास कुल 176 राफेल लड़ाकू विमान होंगे। खास बात यह है कि भारत फ्रांस के बाहर पहला ऐसा देश बनेगा जो राफेल के एयर फोर्स और नेवी दोनों वेरिएंट का संचालन करेगा।
राफेल के मामले में फ्रांस को भारत देगा टक्कर
फ्रांस के पास फिलहाल 178 राफेल जेट हैं, जिनमें 137 वायुसेना और 41 नौसेना के लिए हैं। 2030 तक यह संख्या 178 बनाए रखने और 2035 तक इसे 225 तक बढ़ाने की योजना है। 2032 तक जब भारत के पास 176 राफेल होंगे, उस समय फ्रांस के पास 178 जेट ही होंगे।
अक्टूबर 2025 में फ्रांस ने 61 अतिरिक्त राफेल का ऑर्डर देने की योजना बताई थी, जिससे कुल डिलीवरी संख्या 286 तक पहुंच सकती है। हालांकि यह संख्या फ्रांस के अपने ऑपरेशनल बेड़े की नहीं, बल्कि कुल डिलीवरी (ग्रीस और क्रोएशिया जैसे देशों को शामिल करते हुए) का प्रतिनिधित्व करती है।
भारत बना सबसे बड़ा राफेल खरीददार
इस मेगा डील के बाद भारत फ्रांस का सबसे बड़ा राफेल खरीदार बन जाएगा। Dassault Aviation को अब तक सात देशों से 261 राफेल के ऑर्डर मिल चुके हैं। इनमें मिस्र, इंडोनेशिया और संयुक्त अरब अमीरात जैसे देश शामिल हैं, लेकिन 176 जेट के साथ भारत का ऑर्डर सबसे बड़ा है।
इंडोनेशिया ने 2022 में 42 राफेल जेट के लिए 8.1 बिलियन डॉलर का सौदा किया था, जबकि संयुक्त अरब अमीरात ने 2021 में 80 F4-स्टैंडर्ड राफेल के लिए 17 बिलियन डॉलर से अधिक का ऑर्डर दिया था।












Click it and Unblock the Notifications