India US Tariff: अमेरिका ने क्या भारत पर कोई विशेष टैरिफ लागू किया? राज्यसभा में केंद्र ने किया बड़ा खुलासा
India US Tariff: राज्यसभा में वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने स्पष्ट किया कि अमेरिका ने भारत पर कोई विशेष टैरिफ लागू नहीं किया है। हालांकि, अमेरिका ने 13 फरवरी 2025 को पारस्परिक व्यापार और शुल्कों पर एक ज्ञापन जारी किया है, जिसमें अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि को यह जांचने के लिए कहा गया है कि व्यापारिक साझेदारों की नीतियों से अमेरिका को क्या नुकसान हो रहा है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बार-बार भारत को 'उच्च टैरिफ़ वाला देश' बताया है और कहा कि 2 अप्रैल से अमेरिका भी भारत पर वही टैरिफ़ लागू करेगा, जो वह अमेरिका से वसूलता है। उन्होंने कहा कि भारत के साथ उनके अच्छे संबंध हैं, लेकिन सबसे बड़ी समस्या यह है कि भारत दुनिया में सबसे ज्यादा टैरिफ़ लगाने वाले देशों में से एक है।

राज्यसभा में भारत सरकार की सफाई
मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि अमेरिका ने भारत पर कोई विशेष टैरिफ़ नहीं लगाया है और केवल सभी देशों से स्टील और एल्युमिनियम आयात पर अतिरिक्त शुल्क लगाया गया है। सरकार इसकी पूरी समीक्षा कर रही है कि इससे भारत के निर्यात पर क्या प्रभाव पड़ेगा।
उन्होंने बताया कि अमेरिका और भारत द्विपक्षीय व्यापार को 2030 तक 500 बिलियन डॉलर तक ले जाने के लक्ष्य पर काम कर रहे हैं। दोनों देश व्यापार में पारस्परिक लाभ, बाजार पहुंच बढ़ाने और टैरिफ़ बाधाओं को कम करने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।
भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों पर सरकार का रुख
भारत और अमेरिका ने 13 फरवरी 2025 को एक संयुक्त बयान जारी किया, जिसमें कहा गया कि दोनों देश 'मिशन 500' के तहत व्यापार को दोगुना करने की दिशा में काम करेंगे। इसके लिए व्यापार समझौते, आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करना और प्रमुख व्यापारिक मुद्दों का समाधान करने पर जोर दिया जाएगा।
सरकार ने साफ किया कि अमेरिका द्वारा भारत पर टैरिफ लगाने की कोई पुष्टि नहीं हुई है और दोनों देश व्यापारिक सहयोग को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। 'मिशन 500' के तहत 2030 तक भारत-अमेरिका व्यापार को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की योजना है।












Click it and Unblock the Notifications