India Today Axis My India exit poll: तेलंगाना में कांग्रेस या बीआरएस सरकार? चौंकाने वाले 'नतीजे'
Vidhan Sabha Chunav 2023 Exit Poll: तेलंगाना विधानसभा चुनावों के लिए इंडिया टुडे एक्सिस माय इंडिया (India Today Axis My India) एग्जिट पोल के नतीजे आ गए हैं। इसमें कांग्रेस की सरकार बनने की संभावना जताई गई है।
इंडिया टुडे एक्सिस माय इंडिया ने शुक्रवार को जो नतीजे जारी किए हैं, वह कांग्रेस को बड़ी खुशखबरी दे रही है। क्योंकि, कर्नाटक के बाद इसने दक्षिण के इस राज्य में भी पार्टी की सत्ता आने की भविष्यवाणी की है।

बीआरएस सत्ता से होगी बेदखल- एग्जिट पोल
इंडिया टुडे एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल के अनुमानों के मुताबिक राज्य में सत्ताधारी बीआरएस को 34 से 44 सीटें मिल सकती हैं। वहीं बीजेपी 4 से 8 सीटों पर जीत की संभावना जताई गई है।
तेलंगाना में कांग्रेस की सरकार- एग्जिट पोल
जबकि, कांग्रेस के हक में 63 से 73 सीटें जा सकती हैं। 119 सीटों वाली विधानसभा में बहुमत के आंकड़े के लिए सिर्फ 60 सीटों की दरकार है और कांग्रेस उसे पार करती दिख रही है।
ओवैसी की पार्टी को 5 से 7 सीट- एग्जिट पोल
इस एग्जिट पोल में एआईएमआईएम को 5 से 7 और अन्य को 1 सीट मिलने की बात कही गई है।
इस एग्जिट पोल के मुताबिक तेलंगाना में कांग्रेस को 42%, बीआरएस को 36%, बीजेपी को 14%, एआईएमआईएम को 3% और अन्य को 5% वोट मिलने के आसार हैं।
बता दें कि यह सिर्फ एग्जिट पोल के नतीजे हैं। असली परिणाम 3 दिसंबर को ईवीएम में पड़े वोटों की गिनती के बाद ही सामने आएंगे। तेलंगाना विधानसभा की सभी 119 सीटों के लिए गुरुवार को मतदान हुआ। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक राज्य में करीब 71% वोटिंग हुई जो पिछले बार से करीब 3% कम है।
तेलंगाना में इस बार शुरू से कांग्रेस और बीआरएस के बीच मुकाबला बताया जा रहा है। सत्ताधारी भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) 2014 से लगातार दो कार्यकालों से सत्ता में है और वह हैट्रिक लगाने के इरादे से चुनाव मैदान में उतरी है।
वहीं कांग्रेस ने कर्नाटक में मिली जीत से काफी उत्साहित होकर इस बार प्रचार किया और उसी तर्ज पर चुनावी गारंटियों वाले वादे किए हैं। भाजपा कुछ महीने पहले तो राज्य में प्रमुख विपक्षी की भूमिका में नजर आने लगी थी। लेकिन, बाद में कांग्रेस ही बीआरएस को ज्यादा टक्कर देती दिखाई पड़ी।
हालांकि, प्रचार के आखिरी दिनों में जिस तरह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री ने कमान संभाली उससे ग्रेटर हैदराबाद और भाजपा के प्रभाव वाले इलाकों में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जोश जरूर बढ़ा है।
वहीं पिछड़े वर्ग के नेता को मुख्यमंत्री बनाने का वादा और अनुसूचित जातियों के आरक्षण में कोटा निर्धारित करने जैसे फैसले से पार्टी को उम्मीद है कि उसे लाभ मिल सकता है।
वहीं सत्ताधारी बीआरएस को अपनी सरकार की ओर से चलाई जा रही कल्याणकारी और विकास की योजनाओं पर भरोसा रहा है। साथ ही साथ मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की लोकप्रियता से भी बीआरएस को काफी उम्मीद बनी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications