'पैंगोंग झील पर दूसरे पुल के निर्माण' पर बोले राहुल गांधी, ऐसे डरपोक और विनम्र रवैये से काम नहीं चलेगा
नई दिल्ली, मई 20। पूर्वी लद्दाख में पैंगोंग त्सो झील पर चीन द्वारा दूसरा पुल बनाए जाने की खबरों के बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोला है। राहुल गांधी ने शुक्रवार को ट्वीट कर कहा कि प्रधानमंत्री को राष्ट्रीय सुरक्षा और क्षेत्रीय अखंडता पर अच्छे से विचार करना चाहिए, इनसे कोई समझौता नहीं होना चाहिए। राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री को देश की रक्षा करनी चाहिए।

राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है-
"चीन ने पैंगोंग पर पहला पुल बनाया
भारत सरकार: हम स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।
चीन ने पैंगोंग पर दूसरा पुल बनाया
भारत सरकार: हम स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।
भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा और क्षेत्रीय अखंडता पर कोई समझौता नहीं होना चाहिए। एक डरपोक और विनम्र प्रतिक्रिया से काम नहीं चलेगा। पीएम को देश की रक्षा करनी चाहिए।"
China builds 1st bridge on Pangong
GOI: We are monitoring the situation.China builds 2nd bridge on Pangong
GOI: We are monitoring the situation.India’s National security & territorial integrity is non-negotiable. A timid & docile response won’t do. PM must defend the Nation.
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) May 20, 2022
पैंगोंग झील पर पुल बना रहा है चीन
आपको बता दें कि सैटेलाइट इमेजरी और विकास कार्यों के परिचित लोगों के अनुसार, चीन पूर्वी लद्दाख में रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण पैंगोंग त्सो झील के आसपास के क्षेत्र में दूसरे पुल का निर्माण कर रहा है। इस पुल के निर्माण से चीनी सेना इस क्षेत्र में अपने सैनिकों की संख्या को अधिक से अधिक बढ़ा पाएगी। साथ ही इस पुल के जरिए चीनी सेना की मदद जल्द से जल्द जुटाने में आसानी हो जाएगी। बता दें कि इससे पहले भी चीन ने पैंगोंग झील पर एक पुल का निर्माण कराया था।
पैंगोंग में तैनात है भारतीय सेना
बता दें कि इससे पहले भी चीन ने पैंगोंग झील पर एक पुल का निर्माण कराया था। अगस्त 2020 में भारतीय सैनिकों द्वारा पैंगोंग झील के दक्षिणी तट पर कई रणनीतिक चोटियों पर कब्जा करने के बाद चीन अपने सैन्य बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में लगा हुआ है। हालांकि उस क्षेत्र में भारतीय सेना की भी तैनाती हो रखी है।