भारत की 50 फीसदी योग्य आबादी को लगी वैक्सीन की दोनों डोज, स्वास्थ्य मंत्री बोले- ये गर्व का क्षण है
नई दिल्ली, दिसंबर 05। कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रोन के खतरे के बीच भारत ने वैक्सीनेशन के मामले में एक और उपलब्धि हासिल कर ली है। दरअसल, भारत में अब 50 फीसदी योग्य आबादी पूरी तरह से वैक्सीनेट हो गई है। ये जानकारी रविवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने ट्विटर पर दी। उन्होंने एक ट्वीट में बताया है, "आज भारत के लिए बहुत गर्व का क्षण है, क्योंक 50 फीसदी से अधिक योग्य आबादी अब पूरी तरह से वैक्सीनेट हो गई है। इंडिया को बधाई, हम होंगे कामयाब। हम मिलकर कोरोना के खिलाफ ये लड़ाई जरूर जीतेंगे।
Recommended Video
पिछले 24 घंटे में 1 करोड़ से अधिक लोगों को लगा टीका
स्वास्थ्य मंत्री के ट्वीट से ये साफ है कि देश में 18 साल से अधिक उम्र की 50 प्रतिशत आबादी को वैक्सीन की दोनों डोज लग गई हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, देश में कुल टीकाकरण का आंकड़ा 1,27,61,83,065 है। आपको बता दें कि भारत ने ये उपलब्धि वैक्सीनेशन प्रोग्राम के 323वें दिन हासिल की है। देश में टीकाकरण अभियान की शुरुआत 16 जनवरी 2020 को हुई थी। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, भारत में पिछले 24 घंटे के अंदर 1 करोड़ से अधिक लोगों को वैक्सीन की डोज लगाई गई है।
पिछले 24 घंटे में 75 लाख से अधिक लोगों ने ली वैक्सीन की दूसरी डोज
स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में 29.06 लाख लोगों ने वैक्सीन की पहली डोज ली है, जबकि 75.12 लाख लोगों ने वैक्सीन की दूसरी डोज ली है। कुल मिलाकर, 18-44 वर्ष के आयु वर्ग के 79,90,71,752 व्यक्तियों ने टीकाकरण अभियान की शुरुआत से अपनी पहली खुराक और 47,71,11,313 अपनी दूसरी खुराक प्राप्त की है। भारत की 50 प्रतिशत पात्र आबादी को 26 अगस्त को COVID-19 वैक्सीन की पहली खुराक के साथ टीका लगाया गया था।
ये भी पढ़ें: COVID-19: बीते 24 घंटे में देश में सामने आए 8895 कोरोना के नए मामले, जानें ताजा स्थिति