154 दिन बाद कोरोना के मामलों में सबसे बड़ी गिरावट, 24 घंटों में मिले 25166 नए केस
नई दिल्ली, 17 अगस्त। भारत में कोरोना के नए मामलों में बड़ी गिरावट देखने को मिली है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों में 25166 नए मामले सामने आए हैं जोकि पिछले 154 दिन में सबसे कम हैं। वहीं देश में एक्टिव मामलों में भी गिरावट देखने को मिली है। अब भारत में कोरोना के एक्टिव केस 3,69,846 हैं जोकि पिछले 146 दिन में सबसे कम हैं। देश में कोरोना से रिकवरी दर की बात करें तो यह 97.51 फीसदी है।
Recommended Video

देश में कोरोना टीकाकरण अभियान भी तेजी से चलाया जा रहा है जिससे कि अधिक से अधिक लोगों संक्रमण से बचाया जा सके। अभी तक देश में 55,11,51,992 वैक्सीन की डोज दी जा चुकी हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटों में 88.13 लाख लोगों को कोरोना की वैक्सीन लगाई गई है। जोकि एक दिन में सर्वाधिक वैक्सीन लगाए जाने का रिकॉर्ड है। देश में मार्च 2020 से कोरोना के अभी तक के कुल मामलों की बात करें तो उसमे से सिर्फ 1.15 फीसदी केस ही एस वक्त एक्टिव हैं।
मार्च 2020 के बाद कोरोना से ठीक होने की दर देश में सबसे अधिक है और यह 97.51 फीसदी तक पहुंच गई है। साप्ताहिक संक्रमण दर की बात करें तो यह 1.98 फीसदी है जोकि लगातार 53 दिनों से 3 फीसदी से नीचे है। रोजाना संक्रमण दर भी 1.61 फीसदी है जोकि लगातार 22 दिनों से 3 फीसदी से कम है। देश में कोरोना टेस्टिंग की बात करें तो अभी तक कुल 49.66 करोड़ कोरोना के सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications