भारत-पाकिस्तान में न्यूक्लियर वॉर से राफेल जेट्स तक, ऑपरेशन सिंदूर पर अब CDS अनिल चौहान का विस्फोटक खुलासा
CDS General Anil Chauhan: चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान ने 31 मई को ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान के साथ शुरू हुए संघर्ष के दौरान भारत के सैन्य अभियानों के बारे में बात की। CDS अनिल चौहान ने कहा कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान के अंदर 300 किलोमीटर तक घुस कर हमला किया था। अनिल चौहान ने इस दौरान यह भी साफ कर दिया कि भारत और पाकिस्तान के बीच न्यूक्लियर वॉर (परमाणु युद्ध) की कोई संभावना नहीं थी।
अनिल चौहान ने सिंगापुर में ब्लूमबर्ग टीवी से बात करते हुए कहा, ''व्यक्तिगत रूप से मुझे लगता है कि पारंपरिक सैन्य अभियानों और न्यूक्लियर वॉर के बीच काफी अंतर है।" उन्होंने यह भी बताया कि दोनों देशों के बीच इस दौरान संचार चैनल खुले थे, जिससे तनाव को बढ़ने से रोका गया। पाकिस्तान संघर्ष में भारत ने कितने राफेल विमान गंवाए? इस सवाल का जवाब देते हुए सीडीएस चौहान ने कहा, ''अहम बात यह नहीं है कि जेट विमान को गिराया गया, जरूरी बात ये है कि जेट विमान क्यों गिराए गए, क्या गलतियां हुईं, क्या गलतियां हुई हैं, ये जरूरी है, नंबर जरूरी नहीं है।''

पाकिस्तान के साथ हाल ही में हुए संघर्ष के दौरान, भारतीय वायुसेना ने राफेल जेट से दागी गई SCALP मिसाइलों के साथ-साथ Su-30MKI विमान से दागी गई ब्रह्मोस मिसाइलों का इस्तेमाल किया था।
जनरल चौहान ने पुष्टि की कि भारत को कुछ लड़ाकू विमानों का नुकसान हुआ है। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि कितने विमान नष्ट हुए या उनमें कोई राफेल जेट भी शामिल था या नहीं। रॉयटर्स के साथ एक अलग इंटरव्यू में अनिल चौहान ने कहा कि भारत ने शुरुआती नुकसान के बाद अपनी रणनीति में जल्दी से बदलाव कर लिया था।
ऑपरेशन सिंदूर को लेकर क्या बोले CDS अनिल चौहान?
सीडीएस अनिल चौहान ने बताया कि भारतीय वायुसेना ने 7, 8 और 10 मई को पाकिस्तान के अंदर लगभग 300km तक जाकर सटीक हमले किए, जिससे पाकिस्तान का एयर डिफेंस सिस्टम बर्बाद हो गया, भारत ने कई अहम ठिकानों को निशाना बनाया। इन अभियानों में स्वदेशी हथियारों और विदेशी प्लेटफार्मों दोनों का इस्तेमाल किया गया।
उन्होंने यह भी कहा कि भारत ने संघर्ष के दौरान अपने रणनीतिक दृष्टिकोण में तेजी से बदलाव किया और भविष्य में ऐसे अभियानों के लिए तैयार रहने की जरूरत पर बल दिया है। अनिल चौहान ने कहा है कि वर्तमान संघर्ष विराम कायम है, लेकिन इसका भविष्य पाकिस्तान की कार्रवाईयों पर निर्भर करेगा।
पाकिस्तान ने नहीं गिराए भारत के 6 फाइटर जेट्स: CDS अनिल चौहान
पाकिस्तान द्वारा भारतीय लड़ाकू विमानों को मार गिराने के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए, सीडीएस अनिल चौहान ने कहा कि पाकिस्तान के छह भारतीय विमानों को गिराने के दावे "पूरी तरह से गलत" हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि संघर्ष की शुरुआत में भारतीय वायुसेना के कुछ विमान क्षतिग्रस्त हुए, लेकिन उन्होंने यह भी जोर दिया कि संख्या से अधिक महत्वपूर्ण यह है कि हमने अपनी गलतियों से सीखा और उन्हें सुधारा।
चौहान ने कहा, "अच्छी बात यह है कि हम अपनी सामरिक गलती को समझ पाए, उसे सुधारा, सुधारा और फिर दो दिन बाद उसे लागू किया और लंबी दूरी पर निशाना साधते हुए अपने जेट विमानों को फिर से उड़ाया।"












Click it and Unblock the Notifications