Coronavirus: रूस को पछाड़ कर दुनिया का तीसरा सबसे संक्रमित देश बना भारत
नई दिल्ली। कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों की सूची में भारत अब रूस को पीछे छोड़कर तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। रविवार को शाम तक जैसे ही कुछ राज्यों के आंकड़े आए वैसे ही भारत ने रूस को पछाड़ दिया। भारत में देर शाम कुछ राज्यों से मिले आंकड़ों के बाद संक्रमितों की संख्या 6 लाख 90 हजार के पार पहुंच गई है और अब तक 19 हजार 200 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। रूस में अब तक कोरोना के 681,215 मामले सामने आए हैं।
Recommended Video
बता दें कि लगातार दूसरे दिन रविवार को भारत में कोरोना वायरस के रिकॉर्ड मामले दर्ज किए गए। स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से हर दिन सुबह जारी किए जाने वाले आंकड़े के अनुसार देश में बीते 24 घंटे 25000 नए केस दर्ज किए गए और इस दौरान 613 लोगों की मौत हो गई। यह एक दिन में दर्ज किया जाने वाला अब तक का सबसे ज्यादा आंकड़ा था। आपको बता दें कि मृतक संख्या के मामले में भारत आठवें स्थान पर है। भारत कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों की सूची में अब सिर्फ अमेरिका और ब्राजील से ही पीछे है। अमेरिका में कोरोना के 28 लाख 39 हजार से ज्यादा मामले हैं, वहीं ब्राजील में यह आंकड़ा 15 लाख 77 हजार है।
रूस में सबसे ज्यादा मामले मई में
रूस में संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले मई में मिले। इस महीने यहां सबसे ज्यादा 2 लाख 91 हजार 412 केस की पुष्टि हुई। हर दिन सामने आने वाले मामलों में यहां 11 मई को सबसे ज्यादा 11 हजार 656 केस मिले।
दुनियाभर में कोरोना संक्रमित 1.13 करोड़ के पार
कोरोना वायरस महामारी की चपेट में आज लगभग पूरी दुनिया आ चुकी है। ताजा आंकड़ों के अनुसार, दुनिया में कोविड-19 संक्रमित मामले 11,381,438 हो गए हैं। वहीं, इस संक्रमण से अबतक 533,473 लोगों की जान जा चुकी है। हालांकि, कोरोना से रिकवर हुए लोगों की तादाद भी 6,439,803 हो चुकी है। अभी एक्टिव केस की संख्या 4,411,632 है। हालांकि पॉजिटिव यह है कि करीब 99 फीसदी केस माइल्ड हैं।