भारत नहीं खरीदता अब दुनिया में सबसे ज्यादा हथियार, सऊदी अरब हुआ नंबर वन
नई दिल्ली। आठ वर्षों तक हथियारों की खरीद में नंबर एक रहने वाला भारत अब इस पोजिशन पर नहीं है। भारत की जगह अब सऊदी अरब दुनिया का पहला देश बन गया है जो सबसे ज्यादा हथियार आयात करता है। सोमवार को जारी स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च (सिपरी) की रिपोर्ट में यह बात कही है। इस रिपोर्ट के मुताबिक भारत अब दुनिया का दूसरा ऐसा देश है जो सबसे ज्यादा हथियार आयात करता है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि रूस से जिस मात्रा में हथियार खरीदे जाते थे, अब स्थिति वैसी नहीं रह गई है।
आठ वर्ष बाद सऊदी अरब को मिला मुकाम
रिपोर्ट के मुताबिक आठ साल बाद भारत को पछाड़कर सऊदी हथियारों का आयात करने वाला दुनिया का सबसे बड़ा देश बन गया है। सिपरी की एनुअल रिपोर्ट जिसका टाइटल है, 'ट्रेंड्स इन इंटरनेशनल आर्म्स ट्रांसफर्स-2018' रिलीज की गई है। इस रिपोर्ट के मुताबिक साल 2014-18 के दौरान भारत प्रमुख हथियारों का दुनिया में दूसरा सबसे बड़ा आयतक था। भारत का कुल ग्लोबल इंपोर्ट दुनिया के आयात का 9.8% था। रिपोर्ट में साल 2014 से 2018 तक का जिक्र किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार 13% आयात के साथ पिछले वर्ष यानी साल 2013 से 2017 तक के लिए भारत हथियारों का सबसे बड़ा इंपोर्टर था।
इस वजह से पिछड़ा भारत
सिपरी की रिपोर्ट में हथियारों की डिलीवरी में देरी को भारत के पिछड़ने का कारण माना है। रिपोर्ट के मुताबिक, 'विदेशी सप्लायर्स द्वारा हथियार की डिलीवरी में देरी के कारण साल 2009-13 और 2014-18 (पांच साल के दो ब्लॉक) में आयात में 24% की कमी आई। साल 2001 में रूस से लड़ाकू विमान और 2008 में फ्रांस से सबमरीन का ऑर्डर दिया गया था।' साल 2011-2015 के बीच पांच साल की अवधि के दौरान अमेरिका, रूस, फ्रांस, जर्मनी और चीन हथियारों के सबसे बड़े निर्यातक थे। अमेरिका और रूस अब तक के सबसे बड़े निर्यातकों में से हैं। हथियारों की बिक्री में अमेरिका का 36% और रूस का 21% हिस्सा है।
यह भी पढ़ें-पुराने दोस्त रूस से आखिर क्यों कम हथियार खरीदने लगा है भारत