करतारपुर साहिब में मॉडल के फोटोशूट पर भारत हुआ सख्त, पाक राजनयिक किया तलब
नई दिल्ली, 30 नवंबर: पाकिस्तान स्थित श्री करतारपुर साहिब गुरुद्वारे में पाकिस्तानी मॉडल स्वाला लाला के फोटोशूट करने पर भारत ने आपत्ति जताई है। भारत ने मंगलवार इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करने के लिए देश में पाकिस्तान के सबसे वरिष्ठ राजनयिक को तलब किया है।पाकिस्तान के फैशन ब्रांड मन्नत क्लोदिंग ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर गुरुद्वारा दरबार साहिब करतारपुर में मॉडल स्वाला लाला की तस्वीरों को पोस्ट किया। इसमें मॉडल को बिना सिर पर कपड़ा रखे हुए देखा गया, जिसके बाद क्लोदिंग कंपनी और मॉडल की जमकर आलोचना की गई थी।

भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने बताया, पाकिस्तान की एक मॉडल और कपड़ों के एक ब्रांड द्वारा करतारपुर के गुरुद्वारा श्री दरबार साहिब की पवित्रता का अपमान करने की घटना पर हमारी गंभीर चिंता व्यक्त करने के लिए आज पाकिस्तान के 'चार्ज डी अफ़ेयर्स' को तलब किया गया। अरिंदम बागची ने एक बयान में कहा कि भारत ने पाकिस्तानी अधिकारी को बताया, इस निंदनीय घटना से भारत और दुनिया भर में सिख समुदाय की भावनाओं को गहरा ठेस पहुंचाई है।
विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया है, पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदायों के धार्मिक पूजा स्थलों के अपमान और अनादर की इस तरह की लगातार घटनाएं इन समुदायों की आस्था के प्रति सम्मान की कमी को उजागर करती हैं। भारत ने पाकिस्तानी राजनयिक को बता दिया है कि वह इस मामले की ईमानदारी से जांच और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की उम्मीद करता है।
पाकिस्तान पुलिस ने करतारपुर में गुरुद्वारा दरबार साहिब में परिधान के एक ब्रांड के लिए बिना सिर ढके फोटोशूट कराये जाने के बाद पाकिस्तानी मॉडल और परिधान ब्रांड के खिलाफ सिख समुदाय की धार्मिक भावनाओं को आहत करने के लिए जांच शुरू की है। पुलिस ने यह जांच तस्वीरों को लेकर एक भारतीय सिख पत्रकार द्वारा आलोचना किये जाने के बाद शुरू की। बताते चलें कि गुरुद्वारे में सिर ढंककर रखना एक जरूरी नियम है जिसका पुरुष एवं महिलाएं दोनों पालन करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications