Bullet Train Update: भारत की पहली बुलेट ट्रेन की लॉन्च डेट आई सामने, कितनी होगी स्पीड और कौन-सा होगा रूट?
India First Bullet Train Launch Date: भारत का सालों पुराना सपना अब हकीकत बनने जा रहा है! रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने देशवासियों को बड़ी खुशखबरी दी है। उन्होंने ऐलान किया है कि 15 अगस्त 2027 को भारत की पहली बुलेट ट्रेन अपनी पहली कमर्शियल दौड़ शुरू करेगी, क्योंकि मुंबई से अहमदाबाद के बीच बन रहा 'हाई-टेक कॉरिडोर' अब अपने अंतिम पड़ाव पर है।
अहमदाबाद के साबरमती से मुंबई के बीच का यह पूरा ट्रैक 508 किलोमीटर लंबा है, जिसे 320 kmph की टॉप स्पीड के लिए डिजाइन किया गया है। अगर ट्रेन केवल 4 मेन स्टेशनों पर रुकती है, तो यह पूरा सफर महज 1 घंटा 58 मिनट में तय कर लेगी। वहीं, अगर ट्रेन सभी 12 स्टेशनों पर रुकते हुए जाती है, तब भी पैसेंजर्स सिर्फ 2 घंटे 17 मिनट में अपनी मंजिल पर पहुंच जाएंगे।

रेल मंत्री ने साफ किया कि बुलेट ट्रेन पूरे 508 किलोमीटर के रूट पर एक साथ शुरू नहीं होगी। इसे अलग-अलग हिस्सों (Steps) में चालू किया जाएगा:
स्टेप 1: सबसे पहले सूरत से बिलिमोरा के बीच का हिस्सा खोला जाएगा।
स्टेप 2: इसके बाद वापी से सूरत तक की कनेक्टिविटी दी जाएगी।
स्टेप 3: अगले फेज में वापी से अहमदाबाद तक ट्रेनें दौड़ेंगी।
स्टेप 4: फिर ठाणे से अहमदाबाद का रूट चालू होगा।
स्टेप 5: और आखिर में मुंबई से अहमदाबाद का पूरा ट्रैक चालू हो जाएगा।
उद्घाटन के लिए खास तैयारी
अगस्त 2027 में होने वाले उद्घाटन के लिए रेलवे ने अपनी प्लानिंग को और बड़ा कर दिया है। पहले प्लान था कि शुरुआत में सिर्फ सूरत और बिलिमोरा के बीच 50 किलोमीटर के ट्रैक पर उद्घाटन दौड़ होगी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर सूरत से वापी के बीच 100 किलोमीटर कर दिया गया है। यानी पहले दिन ही यात्रियों को 100 किलोमीटर का हाई-स्पीड अनुभव मिलेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद सूरत में चल रहे काम का रिव्यू किया है। उन्होंने इंजीनियरों को सलाह दी कि इस पूरे प्रोजेक्ट के अनुभवों को एक 'ब्लू बुक' की तरह रिकॉर्ड किया जाए। इसका फायदा यह होगा कि भविष्य में जब भारत के दूसरे शहरों के बीच बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट्स शुरू होंगे, तो टीम को बार-बार नए प्रयोग नहीं करने पड़ेंगे और काम और भी तेजी से पूरा हो सकेगा।












Click it and Unblock the Notifications