INDIA ब्लॉक की 6 दिसंबर को होने वाली बैठक रद्द, नीतीश, ममता और अखिलेश ने आने से कर दिया था मना
इंडिया गठबंधन की 6 दिसंबर को होने वाली बैठक को स्थगित कर दिया गया है। इसकी वजह कई शीर्ष दलों के नेताओं का बैठक में शामिल ना हो पाना बताया जा रहा है। बता दें कि 3 दिसंबर को आए चुनाव नतीजों के बीच इस बैठक को कांग्रेस ने बुलाया था।
जानकारी के मुताबिक, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव सहित शीर्ष नेताओं ने बैठक में शामिल होने में असमर्थता जताई थी।

कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन यात्रा नहीं कर पाएंगे और जिसके चलते बैठक में शामिल नहीं हो पाएंगे, क्योंकि चक्रवात मिचौंग के कारण चेन्नई एयरपोर्ट बंद है। वहीं बिहार के सीएन नीतीश कुमार अस्वस्थ बताए जा रहे हैं और ममता बनर्जी और अखिलेश यादव पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों के चलते बैठक में शामिल नहीं हो पाएंगे।
इसके अलावा झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने भी मीटिंग में शामिल होने से मना कर दिया था। उन्होंने कहा कि, स्थिति को देखते हुए बैठक रद्द कर दी गई है। अगली मीटिंग दो सप्ताह बाद 18 दिसंबर को हो सकती। उन्होंने यह भी कहा कि शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे बैठक में भाग लेने के लिए तैयार थे, लेकिन बाद में उन्होंने अपनी टिकट रद्द कर दी।
वहीं सोमवार को सीएम ममता बनर्जी ने कहा था कि अगर उन्हें बैठक की जानकारी होती, तो वह अपना यात्रा कार्यक्रम दोबारा तय करतीं। उन्होंने कहा, "मुझे कोई जानकारी नहीं मिली, इसलिए मैंने उत्तर बंगाल में एक कार्यक्रम रखा। अगर हमारे पास जानकारी होती, तो हम उन कार्यक्रमों को तय नहीं करते। हम बिल्कुल जाते, लेकिन हमें कोई जानकारी नहीं मिली है। अभी ऐसी भी कोई जानकारी नहीं है कि टीएमसी की तरफ से क्या कोई और नेता इस बैठक में शामिल होगा।
सीएम बनर्जी के दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने कहा कि विपक्ष के इंडिया ब्लॉक की कल होने वाली बैठक "जल्दबाजी में नहीं बुलाई गई।" इसकी योजना "चुनाव परिणामों की घोषणा से पहले ही बनाई गई थी।
'इंडिया' गठबंधन की अब तक तीन बैठक पटना, बेंगलुरु और मुंबई में हो चुकी हैं। गठबंधन के घटक दलों के नेताओं की पिछले दिनों मुंबई में हुई बैठक में गठबंधन के भविष्य के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के लिए 14 सदस्यीय समन्वय समिति का गठन किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications