जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में मिलकर चुनाव लड़ेंगी कांग्रेस-नेशनल कॉन्फ्रेंस, 3-3 फॉर्मूले पर बनी सहमति
Jammu Kashmir Seat Sharing: जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस दल इंडिया गठबंधन के तहत मिलकर चुनाव लड़ेंगे। दोनों पार्टियों के बीच 3-3 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने पर आपसी सहमति बन गई है, जिसका सोमवार को औपचारिक ऐलान भी कर दिया गया है।
नेशनल कॉन्फ्रेंस ने लोकसभा चुनावों के लिए जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस पार्टी के साथ गठबंधन की घोषणा कर दी है। पार्टी नेता और जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम उमर अब्दुल्ला ने नई दिल्ली में नेशनल अलायंस कमेटी की एक प्रेस वार्ता में इस फैसले की जानकारी दी।

दिल्ली में नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष और पूर्व सीएम उमर अब्दुल्ला ने कांग्रेस के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में गठबंधन का ऐलान किया। इस दौरान उमर अब्दुल्ला के साथ कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद और पवन खेड़ा भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद रहे।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उमर अब्दुल्ला ने कहा कि आज बड़ी खुशी से औपचारिक रूप से कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस जम्मू-कश्मीर और लद्दाख मिलकर चुनाव लड़ेंगे। हमें विश्वास है कि इन 6 सीटों पर इंडिया गठबंधन की जीत होगी।
सीट शेयरिंग के 3-3 फॉर्मूले पर सहमति
उमर अब्दुल्ला ने कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में तीन-तीन लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। उमर अब्दुल्ला के मुताबिक कांग्रेस उधमपुर, जम्मू, लद्दाख सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि एनसी अनंतनाग, श्रीनगर, बारामूला सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी।
3 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान
इसी के साथ अब तक 3 सीटों पर हुए उम्मीदवारों के नामों की जानकारी देते हुए उमर अब्दुल्ला ने कहा कि कांग्रेस ने उधमपुर से लाल सिंह और जम्मू से रमन भल्ला को टिकट दिया है, जबकि नेशनल कॉन्फ्रेंस अनंतनाग से पूर्व मंत्री मियां अल्ताफ को उम्मीदवार घोषित कर चुकी हैं। बाकी सीटों पर भी जल्द प्रत्याशियों का ऐलान होगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद उमर अब्दुल्लाह ने कहा, "किसी राज्य या क्षेत्र में जहां हमारे पास अधिकतम 6 सीटें हैं वहां राजनीतिक लेन-देन की गुंजाइश बहुत सीमित है, हमने यह स्पष्ट कर दिया था कि हम विधानसभा चुनाव में सीट शेयरिंग का विकल्प रखेंगे..लेकिन PDP के लिए यह अस्वीकार्य था।"
आपको बता दें कि जम्मू-कश्मीर की 5 लोकसभा सीटों पर 5 चरणों में वोटिंग होगी। वहीं लद्दाख की एक मात्र लोकसभा सीट पर 20 मई को मतदान होगा।












Click it and Unblock the Notifications