Independence Day 2026: 15 अगस्त को लाल किले से लगातार PM मोदी का 13वां संबोधन, कब और कहां देखें LIVE?
Independence Day 2026: भारत 15 अगस्त 2026 को अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले की प्राचीर से लगातार 13वीं बार राष्ट्र को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री के संबोधन पर देश-दुनिया की निगाहें रहेंगी। इस दौरान सरकार की उपलब्धियों, देश के विकास की दिशा और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर कई अहम संदेश सामने आने की उम्मीद है।
इस साल स्वतंत्रता दिवस समारोह को राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम' के 150 साल पूरे होने के अवसर से भी जोड़ा गया है। केंद्र सरकार वर्षभर 'वंदे मातरम' की डेढ़ सदी की विरासत को याद कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कई मौकों पर इसके ऐतिहासिक और राष्ट्रीय महत्व का जिक्र कर चुके हैं।

युवा शक्ति पर रहेगा खास जोर
2026 के स्वतंत्रता दिवस समारोह का एक प्रमुख फोकस देश की युवा आबादी और उसकी आकांक्षाओं पर रहेगा। विकसित भारत@2047 के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऐसे में प्रधानमंत्री के संबोधन में युवा शक्ति, रोजगार, शिक्षा, नवाचार, तकनीक और देश की विकास यात्रा से जुड़े मुद्दों पर जोर रहने की संभावना है। कैडेट कोर (NCC) के कैडेट और 'माई भारत' के स्वयंसेवकों की भागीदारी होगी। राष्ट्रीय गीत को स्वतंत्रता दिवस के इस विशेष आयोजन से जोड़ने की तैयारी की गई है।
लाल किले की प्राचीर से ध्वजारोहण, 21 तोपों की सलामी
स्वतंत्रता दिवस समारोह की शुरुआत सुबह से ही हो जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाल किले पहुंचने पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण करेंगे और फिर लाल किले की प्राचीर की ओर रवाना होंगे। प्राचीर पर पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। ध्वजारोहण के दौरान 21 तोपों की सलामी दी जाएगी। यह परंपरा स्वतंत्रता दिवस समारोह का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
ध्वजारोहण के बाद प्रधानमंत्री राष्ट्र को संबोधित करेंगे। इसके बाद समारोह में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे। स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विशेष आमंत्रितों और युवाओं की भागीदारी भी रहेगी।
लगातार 13वीं बार लाल किले से भाषण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2014 से लाल किले की प्राचीर से स्वतंत्रता दिवस पर देश को संबोधित करते आ रहे हैं। 2026 का संबोधन उनके लगातार 13वें स्वतंत्रता दिवस भाषण के रूप में दर्ज होगा। पिछले सालों में प्रधानमंत्री के स्वतंत्रता दिवस संबोधनों में सरकार की नीतियों, आर्थिक विकास, आत्मनिर्भर भारत, राष्ट्रीय सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, युवा शक्ति और विकसित भारत जैसे मुद्दे प्रमुख रहे हैं। 2026 में भी उनके भाषण को इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि देश 2047 में स्वतंत्रता की शताब्दी पूरी करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
टीवी पर कहां देखें PM मोदी का भाषण?
अगर आप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वतंत्रता दिवस संबोधन टीवी पर लाइव देखना चाहते हैं तो दूरदर्शन इसके प्रसारण का प्रमुख माध्यम होगा। दूरदर्शन नेटवर्क पर लाल किले से स्वतंत्रता दिवस समारोह का सीधा प्रसारण सुबह 6:30 बजे से शुरू किया जाएगा।
दर्शक डीडी नेशनल, डीडी न्यूज और दूरदर्शन के अन्य संबंधित चैनलों पर समारोह देख सकते हैं। प्रधानमंत्री के संबोधन को अन्य प्रमुख समाचार चैनलों पर भी लाइव दिखाया जाएगा।
मोबाइल और ऑनलाइन LIVE कैसे देखें?
टीवी के अलावा स्वतंत्रता दिवस समारोह को मोबाइल, लैपटॉप या स्मार्ट टीवी पर ऑनलाइन भी देखा जा सकता है। प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) के आधिकारिक डिजिटल प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया हैंडल से समारोह के लाइव अपडेट उपलब्ध होंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय और दूरदर्शन के आधिकारिक डिजिटल प्लेटफॉर्म भी कार्यक्रम के प्रसारण के प्रमुख माध्यम रहेंगे। प्रसार भारती के डिजिटल प्लेटफॉर्म WAVES पर भी दूरदर्शन और अन्य राष्ट्रीय कार्यक्रमों की लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध रहेगी।
क्यों खास है 15 अगस्त 2026?
इस बार का स्वतंत्रता दिवस कई मायनों में महत्वपूर्ण है। एक ओर देश आजादी की 80वीं वर्षगांठ मना रहा है, वहीं दूसरी ओर 'वंदे मातरम' की रचना के 150 वर्ष पूरे होने का अवसर भी है। सरकार इस ऐतिहासिक गीत को स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्रीय चेतना और विकसित भारत के संकल्प से जोड़कर देख रही है।


Click it and Unblock the Notifications
