7 साल में 105 कलाकृतियां और प्राचीन धरोहर विदेशों से वापस आए, UPA के 10 साल का आंकड़ा देखिए
नई दिल्ली, 29 नवंबर: मोदी सरकार ने सोमवार को संसद में एक लिखित सवाल के जवाब में भारत से चोरी कर विदेश ले जाई गई हिंदू, जैन और बौद्ध धर्म से जुड़ी अनमोल कलाकृतियों, मूर्तियों और बाकी प्राचीन धरोहरों को वापस लाने के पिछले दो दशकों का ब्योरा पेश किया है। सरकार ने बताया है कि आने वाले दिनों में कई और धरोहर स्वदेश लौटने वाले हैं। सरकार ने जो ब्योरा पेश किया है, वह साल 2001 से लेकर 2021 तक का है, जिसमें यूपीए सरकार के 10 साल का हिसाब-किताब भी शामिल किया गया है। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने कार्यकाल की शुरुआत से इस विषय पर निजी तौर पर ध्यान दे रहे हैं और उन्हें इसमें कामयाबी भी हाथ लगी है।

105 कलाकृतियां लौटीं, 94 आने वाली हैं
नरेंद्र मोदी सरकार ने ससंद में कहा है कि उसके कार्यकाल में 2014 से अब तक भारत से चोरी करके विदेश ले जाई गई 105 कलाकृतियां और प्राचीन वस्तुएं वापस लाई जा चुकी हैं, जबकि और 94 कलाकृतियां जल्द ही अमेरिका से भारत पहुंचने वाली हैं। सरकार ने संसद में लिखित जवाब में 20 सालों का ब्योरा पेश किया है। इसके मुताबिक 2001 में हॉलैंड से एक पुरावशेष भारत लाया गया था। जबकि, यूपीए के 10 साल के शासन के दौरान ऐसी सिर्फ एक ही कलाकृति वापस लायी जा सकी थी। यह कलाकृति 2013 में फ्रांस से लौटी थी।

यूपीए के10 साल में सिर्फ वृषण योगिनी की प्रतिमा लौटी
मोदी सरकार के कार्यकाल में इस साल की शुरुआत में सबसे बड़ी खेप भारत को अमेरिका से प्राप्त हुई थी। तब पीएम नरेंद्र मोदी की यात्रा के दौरान 63 पुरावशेष भारत को वापस सौंपे गए थे। सरकार ने संसद को बताया है कि 'अमेरिका ने प्रधानमंत्री की यूएस यात्रा के दौरान हिंदू, बौद्ध और जैन धर्म से संबंधित 157 पुरावशेष सौंपे हैं। इन 157 पुरावशेषों में से 63 कलाकृतियां भारत पहुंच चुकी हैं। 9 कलाकृतियां ऑस्ट्रेलिया से वापस हासिल हुई हैं।' जबकि, यूपीए के कार्यकाल के दौरान जो एक प्राचीन मूर्ति फ्रांस से प्राप्त हुई थी, वह वृषण योगिनी की है।

प्राचीन धरोहरों को वापस लाने का जारी है मिशन
सरकार ने संसद में कहा है कि उसने चोरी हुई देवी अन्नपूर्णा की मूर्ति हाल ही में उत्तर प्रदेश सरकार को सौंप दी है। गौरतलब है कि यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद ही वाराणसी में एक धार्मिक आयोजन करके 100 साल पहले चोरी करके कनाडा ले जाई गई माता अन्नपूर्णा की प्रतिमा को फिर से स्थापित किया है। मोदी सरकार अपने कार्यकाल में अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम, कनाडा, जर्मनी, सिंगापुर और ऑस्ट्रेलिया से भारत से चोरी कर ले जाए गए प्राचीन वस्तुओं को दोबारा लाने के मिशन में जुटी हुई है।

मोदी के कार्यकाल में ये सारे अनमोल धरोहर लौटे
2014 से मोदी सरकार को अपने कार्यकाल में जो प्राचीन धरोहर वापस लाने में सफलता मिली है, उनमें नटराज, अर्द्धनारीश्वर, पैरट लेडी, दुर्गा, संत मणिक्कवाचकर की कांस्य प्रतिमा, धातु की गणेश प्रतिमा, धातु की भूदेवी, धातु का चक्क्रतलवार, आसन में बैठे भगवान बुद्ध, पत्थर की प्रत्यंगिरा देवी की प्रतिमा, बोधिसत्व का सिर, भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण की धातु की प्रतिमा। इन सभी अनमोल प्राचीन धरोहरों को तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, जम्मू और कश्मीर के विभिन्न पुरातात्विक संग्रहालयों और दिल्ली स्थित राष्ट्रीय संग्रहालय सौंपा गया है।












Click it and Unblock the Notifications