लोकसभा चुनाव को लेकर इमरान खान का चौंकाने वाला बयान, कहा- इलेक्शन बाद इंडिया-पाकिस्तान के रिश्ते सुधर जाएंगे
नई दिल्ली। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान का कहना है कि इस क्षेत्र में शांति और स्थिरता की राह में एकमात्र समस्या भारत और पाकिस्तान के बीच के संबंध हैं। उन्होंने इस बात की उम्मीद जताई है कि लोकसभा चुनाव खत्म होने के बाद दोनों देशों के बीच सभ्य रिश्ता स्थापित होगा। इमरान खान ने कहा कि जबतक इस क्षेत्र में शांति और स्थिरता नहीं होगी, पाकिस्तान के लिए आर्थिक संपन्नता आसान नहीं है। पाक के प्रधानमंत्री ने यह बयान चाइना इंटरनेशनल कल्चरल कम्युनिकेशन सेंटर को संबोधित करते हुए दिया है।

अफगानिस्तान में भी आएगी स्थिरता
इमरान खान ने कहा कि पाकिस्तान इस बात की उम्मीद करता है कि अफगानिस्तान में राजनीतिक समाधान जल्द होगा और युद्ध से जूझ रहा अफगानिस्तान जल्द ही स्थिरता को हासिल करेगा। जो कुछ भी अफगानिस्तान में हुआ है वह पाकिस्तान की सीमा को प्रभावित करता है। इसलिए हम इस क्षेत्र में शांति को स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं। ईऱान के साथ हमारे रिश्ते अच्छे हैं, हम इसे और भी मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं।

चुनाव के बाद बेहतर होंगे रिश्ते
मौजूदा समय में इस क्षेत्र में एकमात्र समस्या है वह भारत के साथ हमारे रिश्ते। लेकिन हम उम्मीद कर रहे हैं कि भारत में चुनाव के बाद हम एक बार फिर से भारत के साथ सभ्य समाज को स्थापित करने में सफल होंगे। बता दें कि जिस तरह से पुलवामा में आतंकी हमला हुआ था उसके बाद भारत और पाकिस्तान के बीच संबंध काफी बिगड़ गए थे, दोनों ही देश युद्ध की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन आखिरकार यह तनाव कम हुआ और युद्ध की संभावना टल गई।

सीपेक पर पाक का जोर
चीन के दौरे पर इमरान खान मुख्य रूप से इस बात पर ध्यान दे रहे हैं कि कैसे पाक चीन के साथ 60 बिलियन यूएस डॉलर के सीपेक प्रोजेक्ट को और मजबूत करे। इमरान खान ने कहा कि यह प्रोजेक्ट पाकिस्तान के ग्वादर पोर्ट से चीन के जिनजैंग के बीच बेहतर सड़क मार्ग को स्थापित करेगा।












Click it and Unblock the Notifications